Search

अमित शाह ने कहा, नीतीश सरकार तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त, हम सत्ता में आये तो दंगाइयों को उल्टा लटकायेंगे

Nawada : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार की महागठबंधन सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. यह आरोप भी लगाया कि नीतीश सरकार राज्य को अराजकता में धकेलने का काम कर रही है. नवादा जिले के हिसुआ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, शाह ने बिहारशरीफ और सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा की जांच करने में विफल रहने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की. इस क्रम में कहा कि अगर मोदी 2024 में सत्ता में लौटे और भाजपा ने राज्य में अगली सरकार बनाई, तो दंगाइयों को उल्टा लटका दिया जायेगा.

राजद ने अयोध्या में राम मंदिर बनाये जाने का विरोध किया था

जान लें कि राज्य में हुई सांप्रदायिक हिंसा की घटना के कारण शाह को कल सासाराम की अपनी यात्रा रद्द करने के लिए विवश होना पड़ा था. भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह ने जनसभा में अनुच्छेद 370 को खत्म करने और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण जैसी मोदी सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि नीतीश की पार्टी जद (यू) और उनके सहयोगी राजद ने अयोध्या में राम मंदिर बनाये जाने का विरोध किया था. उन्होंने जद (यू) और राजद पर अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि इसने देश में आतंकवाद को फलने-फूलने में मदद की.

नीतीश  तेजस्वी यादव को राज्य की बागडोर सौंपने के वादे से पीछे हट जायेगे

शाह ने जद (यू) के वरिष्ठ नेता नीतीश और राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बीच यह कहकर दरार पैदा करने की भी कोशिश की कि लालू प्रसाद को याद रखना चाहिए कि मोदी के सत्ता में लौटने के बाद, नीतीश उनके बेटे तेजस्वी यादव को राज्य की बागडोर सौंपने के अपने वादे से पीछे हट जायेगे. कहा कि भाजपा में नीतीश के लिए दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गये हैं. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 40 सीट पर भाजपा को जिताने का फैसला कर लिया है. देश के लोगों ने तय कर लिया है कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे. [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp