Search

 
 
 

अमूल दूध आज से महंगा, कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी, जानें नये रेट...

कंपनी के मुताबिक, 'अमूल ताज़ा' टोन्ड मिल्क में 2 रुपये प्रति लीटर, शक्ति और गोल्ड दूध 4 रुपये प्रति लीटर और फुल क्रीम भैंस का दूध की क़ीमत में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.
 
अमूल दूध

Ranchi :  महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है. अमूल दूध आज से महंगा हो गया है. गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने दूध की अलग-अलग कैटेगरी की कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है.

 

कंपनी के मुताबिक, अमूल ताज़ा टोन्ड मिल्क की कीमत में 2 रुपये, अमूल शक्ति और अमूल गोल्ड की कीमत में 4 रुपये और भैंस फुल क्रीम दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इस बढ़ोतरी के बाद टोन्ड मिल्क 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये, शक्ति दूध 63 से बढ़कर 67 रुपए प्रति लीटर, अमूल गोल्ड 70  रुपये से बढ़कर 74 रुपये और भैंस फुल क्रीम दूध की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो गई.

 

आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब लोगों के महीने के बजट पर भी दिखेगा. खासकर रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों को अब पहले के मुकाबले अधिक खर्च करना होगा. अगर कोई परिवार हर दिन एक लीटर अमूल ताज़ा टोन्ड मिल्क खरीदता है, तो उसे महीने में करीब 60 से 62 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे. 

 

वहीं, अमूल शक्ति या अमूल गोल्ड खरीदने वाले परिवारों को हर महीने करीब 120 से 124 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ेंगे. भैंस फुल क्रीम दूध खरीदने वालों के लिए खर्च में सबसे अधिक बढ़ोतरी होगी.  उन्हें रोजाना एक लीटर दूध खरीदने पर महीने में करीब 180 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. ऐसे में दूध की कीमतों में हुई वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ेगा.

 

दूध महंगा होने की क्या है वजह

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन और प्रोसेसिंग लागत में इजाफा प्रमुख कारण बताया जा रहा है. पिछले कुछ महीनों में हरे और सूखे चारे, पशु आहार, खली, मक्का, गुड़, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं. इसके अलावा दूध में मौजूद फैट के दाम भी करीब 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं.

 

अमूल के मुताबिक, गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और अनियमित बारिश के कारण दूध उत्पादन और आपूर्ति प्रभावित हुई है. ऐसे हालात में किसानों से दूध खरीदने की लागत भी बढ़ गई है. कंपनी का कहना है कि कीमतों में वृद्धि का उद्देश्य दूध उत्पादकों को बेहतर भुगतान देना और उन्हें उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही