Medininagar: पलामू के पांडू प्रखंड स्थित खुरा गांव में शनिवार की रात एक पिकअप वैन ने घर के दरवाजे पर बैठे चार लोगों को कुचल दिया. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए है.
जानकारी के अनुसार गोबिंद राम के घर के दरवाजे के पास कुछ लोग बैठे हुए थे. वे आपस में बातचीत कर रहे थे, इसी वहां से गुजर रहा पिकअप वैन अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे घर के बाहर बैठे लोगों को कुचल दिया. वैन को लाला बैठा नामक व्यक्ति चला रहा था.

दुर्घटना के शिकार रामबचन, जिनकी मौत हो गई है.
वैन की चपेट में चार लोग आए, जिनमें से एक रामबचन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान सुमित्रा देवी की मौत हो गई. वहीं अन्य दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. दुर्घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया है. एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से खुरा गांव में शोक की लहर है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पांडु थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है.