Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

अनिल गोयल को ईडी कार्यालय में हाजिर होने के लिए एक सप्ताह का समय मिला

Ranchi : धनबाद के कोयला व्यापारी अनिल गोयल ने ईडी के समक्ष हाजिर होने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है. अनिल गोयल के आवेदन पर ईडी ने उन्हें और एक सप्ताह का वक्त दे दिया है.  अनिल गोयल, लाल बहादुर सिंह सहित अन्य कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर छापामारी के दौरान मिले दस्तावेज की जांच पड़ताल के बाद ईडी ने अनिल गोयल को पूछताछ के लिए समन जारी किया था.

 

जानकारी के मुताबिक ईडी ने गोयल को 23 दिसंबर 2025 को दिन के 11 बजे तक रांची स्थित ज़ोनल कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया था. लेकिन गोयल निर्धारित तिथि पर हाजिर नहीं हुए. उन्होंने पूछताछ के लिए ईडी सामने पेश होने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा. 

 

उल्लेखनीय है कि ईडी झारखंड और ईडी कोलकाता ने 21 नवंबर को एक साथ कोयला व्यापारियों के ठिकानों पर छापा मारा था. रांची स्थित ईडी के ज़ोनल कार्यालय ने छापामारी के दायरे में अनिल गोयल, लाल बहादुर सिंह, दुमका के अमर मुंडा सहित अन्य लोगों को छापामारी के दायरे में शामिल किया था.

 

छापामारी के दौरान कुल 2.20 करोड़ रुपये जब्त किये गये थे. इसमें से अनिल गोयल के सहयोगी गणेश अग्रवाल के ठिकाने से 94 लाख और हेमंत गुप्ता के ठिकाने से 20 लाख रुपये नक़द जब्त किये गये थे. इसके अलावा अमर मुंडा के घर से 150 से अधिक जमीन के गिफ्ट डीड और 80 लाख रुपये नकद जब्त किये गये थे. 

 

ईडी ने छापामारी के दौरान मिले तथ्यों की समीक्षा के बाद अनिल गोयल को नोटिस समन जारी किया था. अनिल गोयल का व्यापारिक संबंध पश्चिम बंगाल के कोयला व्यापारी अनुप माझी उर्फ लाला से बताया जाता है. ईडी कोलकाता द्वारा लाला सहित अन्य के खिलाफ ECL के लीज वाले क्षेत्र में अवैध खनन के मामले में आरोप पत्र दायर किया जा चुका है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही