Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

CM की घोषणा: संक्रमितों के दाह संस्कार के लिए निःशुल्क मिलेंगी लकड़ियां, कब्रिस्तान में जेसीबी खुदाई भी मुफ्त

Advertisement
Advertisement

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य में कोरोना संक्रमित लोगों व उनके परिवार को हर संभव मदद देने का काम सरकार कर रही है. संक्रमित लोगों के बेहतर इलाज के लिए राज्य में 5 लाख कोविड किट वितरण करने की शुरुआत कर दी गयी है. दाह-संस्कार के लिए लोगों को निःशुल्क लकड़ियां तथा कब्रगाह खुदाई के लिए जेसीबी मशीन उपलब्ध कराया जा रहा है. रामगढ़ स्थित मांडू प्रखंड के डीएवी स्कूल घाटोटांड़ में सोमवार को ऑक्सीजन युक्त 80 बेड वाले कोविड केयर सेंटर का ऑनलाइन उद्घाटन के दौरान सीएम ने यह बात कही. इस दौरान सीएम ने टाटा स्टील फाउंडेशन, वेस्ट बोकारो के अधिकारियों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया. जिनकी मदद से यह ऑक्सीजन युक्त बेड निर्माण हुआ है. संकट की इस घड़ी में टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा किया गया, यह प्रयास काफी सराहनीय है.

इस दौरान सीएम ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी सांसद, मंत्री एवं विधायकों द्वारा कोरोना नियंत्रण को लेकर किये जा रहे प्रयास तथा कार्यों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया. मुख्यमंत्री ने आगे भी इसी तरह मिलजुल कर कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए कार्य किए जाने के संकल्प को दोहराया. कोरोना नियंत्रण को लेकर मिले सभी के सुझावों को मुख्यमंत्री ने मील का पत्थर बताया.

कोविड केयर सेंटर घाटोटांड में क्या-क्या हैं सुविधाएं

80 बेड क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर में पाइप मेडिकल ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है. साथ ही 4 मैनिफोल्ड भी लगा है, जिनसे 16 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर जोड़े जा सकते हैं. टाटा स्टील की तरफ से दवाइयां, पीपीई किट, बायोमेडिकल कचरा प्रबंधन, मरीजों के लिए खाने-पीने, केंद्र की साफ-सफाई, के साथ-साथ व्हीलचेयर, स्ट्रेचर एवं एंबुलेंस का भी प्रावधान किया गया है. केंद्र में टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा 2 डॉक्टरों की टीम के साथ 10 नर्सिंग स्टाफ, 10 सफाई कर्मचारियों सहित 3 तकनीकी दक्षता प्राप्त कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गयी है.

जिला प्रशासन की ओर से उपरोक्त केंद्र पर पर्यवेक्षण के लिए दो दंडाधिकारी, चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 3 चिकित्सा पदाधिकारी, 4 नर्सिंग स्टाफ एवं सुरक्षा जवानों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.

अफवाह और भ्रम की स्थिति से लोगों को निकालना आवश्यक

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना जांच तथा वैक्सीनेशन को लेकर कुछ अफवाह व भ्रम की स्थिति है. लोगों के मन से कोरोना जांच तथा वैक्सीनेशन के प्रति भ्रम और असमंजस को दूर करना हम सभी की जिम्मेदारी है. प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक करना होगा, तभी हमें संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सफलता मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुभारंभ होने के बाद महज 30 हजार युवाओं ने ही रजिस्ट्रेशन कराया था. परंतु अब वैक्सीनेशन के लिए युवा आगे बढ़ रहे हैं.

टीकाकरण के प्रति निरंतर बढ़ते उत्साह के लिए राज्यवासी धन्यवाद के पात्र हैं. वैक्सीनेशन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़े इस निमित्त राज्य सरकार ने मुखिया, वार्ड पार्षद, मानकी-मुंडा सहित अन्य को टीकाकरण कराने का काम कर रही है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही