Ranchi News : खलारी प्रखंड में बने नए बाल उद्यान के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी अब एक चयनित एजेंसी को दी जाएगी. इसके लिए जिला पर्यटन संवर्द्धन परिषद, रांची ने आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक एजेंसियां और संस्थाएं 12 नवंबर दोपहर 2 बजे तक अपना प्रस्ताव जमा कर सकती हैं. चयनित एजेंसी को अगले पांच वर्षों तक पार्क की देखरेख और संचालन करना होगा.
बच्चों के लिए पार्क में कई सुविधाएं
बाल उद्यान में बच्चों और आम लोगों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां झूले, स्लाइड, सी-सॉ, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन, लाइट और हरियाली की व्यवस्था की गई है. पार्क सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा. खास बात यह है कि सुबह 6 से 8 बजे तक आम लोगों को पार्क में मुफ्त प्रवेश देना होगा. पार्क का संचालन करने वाली एजेंसी को रोजाना आने वाले लोगों की संख्या का रिकॉर्ड रखना होगा. साथ ही लोगों की मदद के लिए सूचना और सहायता केंद्र भी बनाना होगा.
साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा तक की जिम्मेदारी
चयनित एजेंसी को पार्क की साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और कचरा प्रबंधन का पूरा ध्यान रखना होगा. मच्छरों से बचाव के लिए भी जरूरी इंतजाम करने होंगे. इसके अलावा झूले और बच्चों के खेलने वाले उपकरणों की नियमित जांच करनी होगी. अगर कोई उपकरण खराब या असुरक्षित मिलता है, तो उसे तुरंत इस्तेमाल से हटाना होगा. पार्क में सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करने होंगे. प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन संपर्क नंबर और सुरक्षा से जुड़े सूचना बोर्ड भी लगाने होंगे. किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी देनी होगी.
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदन करने वाली संस्थाओं के लिए वित्तीय और तकनीकी योग्यता भी निर्धारित की गई है. इस काम के लिए कंपनी, फर्म, एलएलपी, सोसाइटी, ट्रस्ट, एनजीओ और प्रोपराइटरशिप संस्थाएं आवेदन कर सकती हैं. आवेदन करने वाली संस्था का पिछले तीन वित्तीय वर्षों का औसत सालाना टर्नओवर कम से कम 5 लाख रुपये होना जरूरी है. इसके लिए सीए का प्रमाणपत्र, तीन साल का आयकर रिटर्न, पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण और संस्था के सरकारी विभाग से ब्लैकलिस्ट नहीं होने का शपथ पत्र देना होगा.
100 अंकों के आधार पर होगा चयन
एजेंसियों का चयन 100 अंकों के आधार पर किया जाएगा. इसमें संचालन योजना के लिए 20 अंक, साफ-सफाई और रखरखाव के लिए 25 अंक, मानव संसाधन और स्थानीय लोगों को रोजगार देने की योजना के लिए 25 अंक, संस्था के अनुभव के लिए 10 अंक और आगंतुकों की सुविधा व नई योजनाओं के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं. सबसे अधिक अंक पाने वाले आवेदक को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता मिलेगी. बराबर अंक आने पर लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा. इसमें स्थानीय आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी.
कहां जमा करना होगा आवेदन
आवेदन के साथ 10 हजार रुपये की अग्रिम राशि बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी. इसके अलावा सालाना शुल्क भी 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है. इच्छुक एजेंसियां अपना आवेदन जिला खेल-सह-पर्यटन नोडल पदाधिकारी के कार्यालय, विकास भवन, कचहरी रोड, रांची में जमा कर सकती हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 नवंबर को दोपहर 2 बजे है. तकनीकी प्रस्ताव उसी दिन दोपहर 3 बजे खोले जाएंगे. योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी रांची जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in पर देखी जा सकती है.