Lagatar Desk: देश भर के सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह और नौ में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का नोटिस जारी कर दिया है. इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक तीन नवंबर से दो दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी.
एनटीए की ओर से सैनिक स्कूल सोसाइटी के लिए आयोजित होने वाली यह परीक्षा देश के पुराने सैनिक स्कूलों के साथ नए सैनिक स्कूलों में भी प्रवेश के लिए होगी. परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट पर ली जाएगी. इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे.
कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा 150 मिनट की होगी. यह परीक्षा 13 भाषाओं में होगी. जबकि कक्षा नौ की परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और इसमें केवल अंग्रेजी माध्यम का विकल्प मिलेगा.
आवेदन के लिए दो दिसंबर रात 11:50 बजे तक शुल्क जमा किया जा सकता है. इसके बाद तीन से छह दिसंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा. आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती सुधारने के लिए सात से नौ दिसंबर तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी.
एनटीए के कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा किस शहर में होगी, इसकी जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी. अभ्यर्थी 25 जनवरी से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. परीक्षा परिणाम की तारीख बाद में घोषित की जाएगी.
अभ्यर्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/sainik-school-society/ और nta.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन और परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ईमेल भी भेज सकते हैं.