- महाधर्मप्रांत की शताब्दी वर्षगांठ का केंद्र होगा परिवार
- प्रार्थना, त्याग और सेवा के जरिए क्रिसमस की तैयारी करने की अपील
Ranchi: ईसाई समुदाय का आगमन काल 29 नवंबर से शुरू हो रहा है. इस मौके पर रांची महाप्रांत के धर्माध्यक्ष विसेंट आइंद ने कहा कि आगमन काल विश्वास और आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण समय है. यह केवल प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की तैयारी नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, प्रार्थना और अपने जीवन को सुसमाचार के मूल्यों के अनुरूप ढालने का अवसर है. इस वर्ष रांची महाधर्मप्रांत के लिए आगमन काल विशेष महत्व रखता है क्योंकि महाधर्मप्रांत अपनी शताब्दी वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहा है. इसका मुख्य केंद्र परिवार होगा. यह बातें रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष ने आगमन काल के संदेश में कही है.
महाधर्मप्रांत की 100 वर्षों की विश्वास यात्रा में ईश्वर को दिया धन्यवाद
उन्होंने कहा कि महाधर्मप्रांत की 100 वर्षों की विश्वास यात्रा, मिशनरी समर्पण, त्याग, सेवा और ईश्वर की कृपा के लिए धन्यवाद देने का यह अवसर है. शताब्दी समारोह केवल अतीत का उत्सव नहीं, बल्कि भविष्य की जिम्मेदारियों और नए मिशन के संकल्प का भी समय होगा.
उन्होंने विश्वासियों से पांच प्रमुख आध्यात्मिक संदेशों पर मनन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज में गरीबी, बेरोजगारी, असमानता, हिंसा और अन्याय के बीच लोगों को आशा का संदेश देना जरूरी है.परिवारों और समाज में प्रेम, क्षमा, मेल-मिलाप और सेवा की भावना विकसित करनी चाहिए.
महाधर्माध्यक्ष ने गरीबों, मजदूरों, महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अन्याय, शोषण, भेदभाव और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना सुसमाचार के प्रति सच्ची निष्ठा है. युवाओं की सामाजिक न्याय और समानता के लिए सक्रियता को भी उन्होंने सराहनीय बताया.
मरियम ने ईश्वर की योजना को विश्वास के साथ किया स्वीकार
उन्होंने नाजरेथ के पवित्र परिवार यानी यीशु, मरियम और यूसुफ को आदर्श बताते हुए परिवारों में प्रार्थना, प्रेम, क्षमा और आपसी सम्मान बढ़ाने की अपील की. मरियम ने ईश्वर की योजना को विश्वास के साथ स्वीकार किया. संत यूसुफ ने कठिन परिस्थियों में भी अपने परिवार की रक्षा की और ईश्वर की इच्छा के प्रति निष्ठावान बने रहे. बालक यीशु की आज्ञाकारी व जन्म हमें विनम्रता सादगी और प्रेम का संदेश देता है.
आगमन काल में विशेष प्रार्थना, पवित्र मिस्सा में भागीदारी, आत्मिक अनुशासन और त्याग पर जोर दिया. उन्होंने क्रिसमस पर अनावश्यक खर्च कम कर बचत की राशि गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता में लगाने की भी अपील की. कहा कि क्रिसमस की सच्ची खुशी दूसरों के जीवन में आशा और खुशियां बांटने में है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.