Search

मेदिनीनगर निगम चुनाव : अरुणा शंकर की लगातार दूसरी जीत, आधी रात नतीजा, आज भव्य विजय जुलूस

Palamu :  मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव का परिणाम शुक्रवार देर रात घोषित किया गया. मेयर पद पर भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया. उन्होंने कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों के अंतर से पराजित किया.

 

आधिकारिक घोषणा रात करीब 12 बजे की गई. मतगणना के हर राउंड में उतार-चढ़ाव ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बनाए रखा. लगातार दूसरी जीत के साथ अरुणा शंकर ने नगर निगम की राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है. वहीं विपक्षी दलों के लिए यह परिणाम आने वाले समय में रणनीतिक पुनर्विचार का संकेत माना जा रहा है.

 

राउंड दर राउंड बदला समीकरण

पहले राउंड में नम्रता त्रिपाठी 1,677 वोटों से आगे थीं. दूसरे राउंड में अरुणा शंकर ने 296 वोटों की बढ़त लेकर जोरदार वापसी की. तीसरे राउंड तक नम्रता 171 मतों से आगे रहीं.
चौथे राउंड में मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंचा, जब अरुणा शंकर ने 1,484 वोटों की बढ़त हासिल कर स्थिति अपने पक्ष में कर ली.

 

अंतिम पांचवें राउंड की गिनती आधी रात तक चली और अंततः अरुणा शंकर को कुल 24,169 वोट मिले. जबकि नम्रता त्रिपाठी 21,047 मतों पर सिमट गईं. कुल 75,236 मतों की गिनती हुई, जिनमें 4,398 मत रद्द कर दिए गए. चुनाव में 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला अरुणा और नम्रता के बीच ही रहा.

 

बदला चेहरा, कायम रहा परिणाम

गौरतलब है कि पिछले चुनाव में अरुणा शंकर ने झामुमो समर्थित पूनम सिंह को हराकर पहली बार मेयर पद हासिल किया था. इस बार विपक्ष का चेहरा बदला और कांग्रेस की नम्रता त्रिपाठी मुख्य चुनौती बनकर सामने आईं.

 

लेकिन परिणाम फिर अरुणा के पक्ष में गया. इस चुनाव में पूनम सिंह 12,809 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. अन्य प्रत्याशियों में आईसा सिंह को 4,384, रिंकू सिंह को 3,587 और श्वेता विकास कुमारी को 954 वोट मिले.

 

विपक्ष के संयुक्त मतों पर चर्चा

राजनीतिक विश्लेषण में यह भी सामने आया कि यदि कांग्रेस और झामुमो के मतों को जोड़ा जाए तो नम्रता त्रिपाठी (21,047) और पूनम सिंह (12,809) के कुल 33,856 वोट होते हैं, जो अरुणा शंकर के मतों से 9,687 अधिक हैं. हालांकि दोनों दल अलग-अलग मैदान में थे, जिससे मतों का बंटवारा हुआ और इसका लाभ भाजपा को मिला.

 

ढोल–नगाड़े के साथ मेयर ने समर्थकों का किया अभिवादन

शनिवार को अरुणा शंकर ने शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला. जुलूस में पलामू सांसद वीडी राम, पांकी विधायक शशिभूषण मेहता, भाजपा नेत्री लवली गुप्ता, मेयर प्रत्याशी रहीं मीना गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और समर्थक शामिल हुए.

 

मेयर आवास से निकला विजय जुलूस सद्दीक मंजिल चौक, पोस्ट ऑफिस रोड, जिला स्कूल चौक, आहट रोड होते हुए मुख्य बाजार तक पहुंचा. रास्ते में समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नारेबाजी होती रही और पूरे शहर में उत्सव का माहौल दिखा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp