Lagatar Desk: एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भी भारत की चांदी-चांदी है. भारत ने एक बार राइफल शूटिंग में सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया है. वहीं 44 साल बाद मैराथन में भारत को मेडल मिला है. इसके साथ ही भारत की झोली में अब तक 23 मेडल आ चुके हैं.
50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भारत को सिल्वर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भारत ने सिल्वर मेडल जीता है. आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद की भारतीय टीम ने कुल 1763 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया. इस मुकाबले में तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बना ली है. हालांकि आशी चौकसे क्वालिफाई नहीं कर सकीं.
मैराथन में भी भारत को सिल्वर
डिस्टेंस रनर सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन स्पर्धा में भारत को सिल्वर मेडल दिलाया. करीब 44 साल बाद भारत ने एशियन गेम्स की मैराथन में मेडल हासिल किया है. अब तक भारत ने एशियन गेम्स 2026 में कुल 23 मेडल जीते हैं. इनमें 2 गोल्ड, 9 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन को मिली हार
बैडमिंटन में भारत को निराशा हाथ लगी है. पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर में लक्ष्य सेन को सिंगापुर के पूर्व वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला तीन गेम तक चला. लेकिन अंत में लोह कीन यू ने बाजी मार ली. इस हार के साथ लक्ष्य सेन का एशियन गेम्स जीतने का सपना अधूरा रह गया.
डिकैथलॉन में तेजस्विन शंकर की दावेदारी
डिकैथलॉन में भारत के अनुभवी एथलीट तेजस्विन शंकर भी पदक की दौड़ में बने हुए हैं. तेजस्विन ने लॉन्ग जंप और 100 मीटर हीट के बाद 865 अंक हासिल किए हैं. वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं. इसी स्पर्धा में भारत के तौफीक नौशाद भी हिस्सा ले रहे हैं. उन्होंने अब तक 856 अंक जुटाए हैं और वह सातवें स्थान पर हैंय