Search

 
 
 

असम : शिव-पार्वती की वेशभूषा में बुलेट पर सवारी करना, बीच सड़क पर झगड़ना पड़ा भारी, युवक-युवती गिरफ्तार

 
Guwahati : लीना मणिमेकलई की डॉक्यूमेंट्री फिल्म के मां काली के पोस्टर पर हुए विवादों के बाद से हर रोज नये विवाद सामने आ रहे हैं. पोस्टर विवाद के बाद लीना मणिमेकलई ने ट्वीट कर नया विवाद खड़ा किया. लीना ने भगवान शिव और मां पार्वती का रोल निभाने वाले कलाकारों की एक तस्वीर शेयर की. इस तस्वीर में भगवान शिव और मां पार्वती का किरदार निभाने वाले दोनों अभिनेता धूम्रपान करते दिखाई दे रहे थे. अभी यह विवाद चल ही रहा है कि असम से भी ऐसी खबर आ गयी. खबर यह कि असम के नगांव शहर में शिव पार्वती का किरदार निभाने वाले अभिनेता और अभिनेत्री बाइक पर जा रहे थे. इसके बाद वे सड़क पर किसी बात पर झगड़ा करने लगे. झगड़ा इतना बढ़ गया कि इस मामले में पुलिस को दखल देना पड़ा.

दोनों शिव-पार्वती का भेष बनाकर बुलेट की सवारी कर रहे थे

घटनाक्रम शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे का है.भगवान शिव के वेश में एक युवक रॉयल एनफील्ड बुलेट पर देवी पार्वती का वेष धारण की हुई युवती के साथ नगांव  की सड़कों पर नजर आया. दोनो शिव-पार्वती का भेष बनाकर बुलेट की सवारी कर रहे थे. जानकारी के अनुसार अचानक उनकी बुलेट में पेट्रोल खत्म हो गया. इसे लेकर पार्वती बनी युवती नाराज हो गयी. इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गयी.

 बहस पेट्रोल से आगे बढ़कर  महंगाई तक पहुंच गयी

दोनों के बीच की बहस पेट्रोल से आगे बढ़कर देश में महंगाई और आम आदमी की परेशानियों तक पहुंच गयी. शिव-पार्वती के रूप में इस तरह बीच बाजार में बहस होते देख लोग वहां जुट गये. खबर हिंदू संगठनों तक पहुंची. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने देवी देवताओं के अपमान का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी. मामला गरमा गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों को  गिरफ्तार कर लिया.

लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए नाटक किया

पुलिस को दिये गये बयान में शिव बने युवक ब्रिनिचा बोरा ने कहा कि वह पेशे से एक्टर है. पार्वती बनी युवती ने पुलिस को बताया कि उसका नाम परिस्मिता दास है. दोनों ने दावा किया कि रचनात्मक विरोध करके लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने नाटक किया था. शिव बने ब्रिनिचा बोरा ने कहा कि बहुत सारे लोग अपनी समस्याओं और चिंताओं को दूर करने के लिए भगवान शिव से प्रार्थना करते हैं. इसीलिए हम दोनों ने शिव पार्वती का रूप धारण कर नाटक के जरिए लोगों में जागरुकता फैलाने की कोशिश की . पार्वती बनी एक्ट्रेस परिस्मिता दास ने कहा कि आमतौर पर लोगों में जागरुकता लाने के लिए रैलियां निकाली जाती है. उन पर ज्यादा खर्च होता है. फिर भी लोग उस तरह की चीजों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते. ऐसे में हमने यह क्रिएटिव तरीका आजमाया,  ताकि लोग बात को समझ सकें.

युवक-युवती से हिंदूवादी संगठन असहमत  

हालांकि शिव पार्वती का किरदार निभाने वाले इन युवक-युवती से हिंदूवादी संगठन सहमत नहीं दिखे. दोनों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गयी. रिपोर्ट दर्ज कराने वाले विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कहा कि दोनों ने हमारे देवी-देवताओं को गलत तरीके से पेश किया, इसकी आजादी किसी को नहीं दी जा सकती. कहा कि हमारे देवी देवताओं को इस्तेमाल क्यों किया गया और नीचा दिखाया गया? इस तरह की हरकत हम कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही