Hazaribag News: हजारीबाग जिले के चलकुसा थाना क्षेत्र के बनगांवा गांव में दुर्गा पूजा के दौरान हुए विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ करने की घटना हुई है. सोने की चेन और लॉकेट छीनने का भी आरोप है.
मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए. घायलों का इलाज बरकट्ठा सरकारी अस्पताल और सदर अस्पताल, हजारीबाग में चल रहा है.
घटना को लेकर चलकुसा थाना में शिकायत दर्ज कराया गया है. शिकायत के मुताबिक़ 19 अक्टूबर की रात करीब सात बजे मनी लाल साव अपने भाई संतोष कुमार, पिता छतरु साव तथा चाचा द्वारिका साव और अन्य परिजनों के साथ घर में खाना खा रहे थे. इसी दौरान गांव के आठ लोग उनके घर में घुस गये. सभी लाठी, टांगी, रॉड और तलवार जैसे हथियारों से लैस थे.
घर में घुसने के बाद पहले सभी ने गाली गलौज की. जब इसका विरोध किया तो घर में तोड़फोड़ करने लगे. उमाशंकर साव ने मनी लाल साव के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया.
बीच-बचाव करने के दौरान मनी लाल सात पिता छतरु साव के सिर पर मुकेश साव और सुनील साव ने टांगी से हमला किया. संतोष कुमार को प्रभु साव और फलजीत साव ने रॉड एवं लाठी से मारकर घायल कर दिया.
मनी लाल साव के चाचा द्वारिका साव पर भी तलवार और लाठी से हमला किया गया, जिससे उनके सिर, कंधे और बांह में चोटें आईं.
तोड़फोड़ व लूटपाट भी किया
शिकायत के मुताबिक़ मारपीट करने के दौरान संतोष साव और मनोज कुमार साव की सोने की चेन एवं लॉकेट हमलावरों ने छीन लिया. पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि जब वे लोग ख़ुद को बचाने के लिए घर का दरवाजा बंद कर लिया, तो बाहर से ईंट-पत्थर फेंका गया.
घटना की जानकारी होने पर गांव के नारायण साव, किशोर साव, हरिलाल साव सहित अन्य लोगों ने मनीलाल साथ के घर पहुंच कर उनकी जान बचायी. फिर घटना की सूचना पुलिस को दी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
जान से मारने की धमकी
मनी लाल साव के मुताबिक़ घटना के बाद भी आरोपी उनके परिवार को धमकी दे रहा है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस के शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है.