Search

 
 
 

झारखंड के 82 हजार से अधिक युवाओं का एबीवीपी से जुड़ाव ऊर्जा और समर्पण का प्रतीक :  राज्यपाल

 
 Ranchi :  राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि झारखंड के 82 हजार से अधिक युवाओं का एबीवीपी से जुड़ाव, यह संख्या मात्र आंकड़ा नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं की ऊर्जा और समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन और झारखंड को शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार तथा सांस्कृतिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए अपना योगदान दें.

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड का रजत जयंती प्रदेश अधिवेशन

राज्यपाल  शुक्रवार को धनबाद में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) झारखंड के रजत जयंती प्रदेश अधिवेशन में बोल रहे थे. उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन न केवल राष्ट्रभक्ति का संदेश देता है, बल्कि युवाओं को उनकी सकारात्मक ऊर्जा के लिए एक दिशा प्रदान करता है.

  अधिवेशन कई ऐतिहासिक संदर्भों से प्रेरणादायी

राज्यपाल ने कहा कि अधिवेशन का यह आयोजन कई ऐतिहासिक संदर्भों से प्रेरणादायी है. भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती तथा एबीवीपी के शिल्पकार प्राध्यापक यशवंत राव केलकर के शताब्दी वर्ष के दौरान यह अधिवेशन झारखंड के युवाओं को नई ऊर्जा और संकल्प का संदेश देता है.

पूर्व पीएम वाजपेयी के योगदान को भी किया याद

राज्यपाल ने झारखंड की स्थापना के रजत वर्ष का उल्लेख करते हुए भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के झारखंड राज्य निर्माण में योगदान को स्मरण किया. उन्होंने कहा कि राज्य गठन संबंधी विधेयक संसद में लाया गया था तो वे आदरणीय अटल जी की सरकार में मंत्रिपरिषद के सदस्य थे और लोकसभा सांसद के रूप में उन्होंने राज्य के गठन के पक्ष में मत दिया था.

स्वामी विवेकानंद के विचारों का किया जिक्र

राज्यपाल ने  स्वामी विवेकानंद जी के विचार उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाये का उल्लेख करते हुए युवाओं को निरंतर प्रयास और समर्पण का महत्व समझाया. सभी युवाओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत` और `विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने में अपनी भूमिका निभायें.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही