Search

 
 
 

रांची विश्वविद्यालय में 4 साल में चार सेमेस्टर भी पूरे नहीं, पीजी में दाखिला भी लंबित

Ranchi News: वहीं अब पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन शुरू नहीं होने का मामला भी सामने आया है. विद्यार्थियों के अनुसार, इस सत्र में जून 2026 से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन नवंबर आ जाने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से अब तक दाखिले की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है. शैक्षणिक सत्रों की बदहाल स्थिति को लेकर टेक्निकल छात्र संघ, आजसू, एआईएसए, एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.
 
फाइल फोटो

Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्रों में लगातार हो रही देरी को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. परीक्षाओं के आयोजन से लेकर रिजल्ट जारी करने और नए सत्र में नामांकन तक की प्रक्रिया प्रभावित है. स्थिति यह है कि कई सत्रों के विद्यार्थी निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर से काफी पीछे चल रहे हैं. 


वहीं अब पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन शुरू नहीं होने का मामला भी सामने आया है. विद्यार्थियों के अनुसार, इस सत्र में जून 2026 से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन नवंबर आ जाने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से अब तक दाखिले की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है.

 

शैक्षणिक सत्रों की बदहाल स्थिति को लेकर टेक्निकल छात्र संघ, आजसू, एआईएसए, एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. छात्र संगठनों ने कुलपति प्रो. सरोज शर्मा और परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय सिंह से शैक्षणिक सत्र नियमित करने के लिए ठोस पहल करने की मांग की है. साथ ही जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

 

चार साल में चार सेमेस्टर तक ही पहुंचा 2023-27 का सत्र

विश्वविद्यालय में अलग-अलग सत्रों की स्थिति शैक्षणिक कैलेंडर की बदहाली को उजागर कर रही है.

* 2023-27 FYUGP (NEP बैच): जून 2026 तक सेमेस्टर-6 पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन विद्यार्थियों ने जून में सेमेस्टर-3 की परीक्षा दी. अक्टूबर 2026 में सेमेस्टर-4 की परीक्षा हुई. यानी लगभग चार साल के सत्र में अब तक केवल चार सेमेस्टर की परीक्षाएं हो पाई हैं.

* 2023-26 वोकेशनल (BBA, BCA, बायोटेक): इस सत्र का सेमेस्टर-6 जून में होना निर्धारित था, लेकिन हाल ही में केवल सेमेस्टर-4 की प्रक्रिया पूरी हुई है.

* 2024-28 FYUGP और 2024-27 वोकेशनल: विद्यार्थी अभी तक सेमेस्टर-2 में ही हैं. सेमेस्टर-2 का रिजल्ट भी जारी नहीं हुआ है, जबकि निर्धारित कैलेंडर के अनुसार, उन्हें सेमेस्टर-4 में होना चाहिए. था.

* 2025-29 FYUGP और 2025-28 वोकेशनल: इस सत्र का सेमेस्टर-2 पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक केवल सेमेस्टर-1 की परीक्षा हुई है. उसका परिणाम भी लंबित है.

* 2026-30 FYUGP और 2026-29 वोकेशनल: नए सत्र में सेमेस्टर-1 की परीक्षा हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हुई है.

* पीजी सत्र 2026-28: जून 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन नवंबर तक दाखिला शुरू नहीं हुआ है. विद्यार्थियों का कहना है कि अन्य विश्वविद्यालयों में पीजी सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने की स्थिति में है, जबकि रांची विश्वविद्यालय में अब तक इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है.

नौकरी के अवसरों से भी वंचित हो रहे विद्यार्थी


टेक्निकल छात्र संघ ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय सिंह की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके रहते सेमेस्टर और परीक्षाओं में देरी की समस्या दूर होती नहीं दिख रही है. संघ का आरोप है कि परीक्षा नियंत्रक के पास शैक्षणिक सत्र नियमित करने का कोई विजन नहीं है. उनका ध्यान केवल फाइनल ईयर के विद्यार्थियों पर रहता है, जबकि अन्य सत्रों के विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है.

 

आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि यह रांची विश्वविद्यालय की विफलता का परिचायक है. पहले विश्वविद्यालय प्रशासन स्थायी कुलपति नहीं होने का हवाला देकर शैक्षणिक सत्र में देरी को उचित ठहराता था, लेकिन अब स्थायी कुलपति और परीक्षा नियंत्रक दोनों मौजूद हैं. इसके बावजूद व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है.

 

आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने कहा कि लंबे समय से सेमेस्टर, परीक्षा और रिजल्ट में देरी होना बेहद दुखद है. विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में देरी के कारण विद्यार्थी कई बार नौकरी के लिए आवेदन करने की पात्रता खो देते हैं. भर्ती निकलने पर समय पर डिग्री या जरूरी शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं होने के कारण उन्हें अवसर से वंचित होना पड़ता है. उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो विभिन्न छात्र संगठन एक मंच पर आकर उग्र आंदोलन करेंगे.

 

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली विद्यार्थियों के भविष्य पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है. कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के समय एक आंदोलन के दौरान शैक्षणिक सत्र नियमित करने का आश्वासन दिया था. हालांकि अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आश्वासन देने के बजाय उनके भविष्य पर ध्यान देने की जरूरत है. एनएसयूआई जल्द ही सेमेस्टर में हो रही देरी के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी.

 

वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी शैक्षणिक सत्र में लगातार हो रही देरी पर नाराजगी जताई है. रांची विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र में लगातार हो रही देरी पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने नाराजगी जताई है. परिषद ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है. 


ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल शैक्षणिक कैलेंडर जारी करने, सभी लंबित परीक्षाओं और परिणामों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा भविष्य में शैक्षणिक सत्र नियमित रखने के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है. परिषद ने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व विद्यार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना भी है. विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं होने पर ABVP ने चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है.

 

परीक्षा नियंत्रक से नहीं हो सका संपर्क

शैक्षणिक सत्र में लगातार हो रही देरी के कारणों और इस समस्या के समाधान की समयसीमा जानने के लिए परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया. हालांकि उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका. उनका पक्ष मिलने के बाद विद्यार्थियों के सवालों और विश्वविद्यालय प्रशासन के जवाब को साझा किया जाएगा. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही