Ranchi : विश्व स्तनपान सप्ताह के मौके पर रिम्स के नवजात शिशु विभाग की ओर से सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना था.
कार्यक्रम का उद्घाटन शिशु रोग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पी. के. चौधरी और नवजात शिशु विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. के. एस. दास ने किया. उन्होंने कहा कि जन्म के बाद पहले छह महीने तक मां का दूध ही शिशु के लिए सबसे अच्छा आहार है. इससे बच्चे का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है और उसकी रोगों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ती है. उन्होंने माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी स्तनपान को जरूरी बताया.
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने स्तनपान के फायदे, सही तरीके और सही पोजिशन की जानकारी दी. साथ ही स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी बताया. इस मौके पर विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के नर्सिंग अधिकारियों और छात्र-छात्राओं के लिए स्तनपान विषय पर क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई.
प्रतियोगिता में रिम्स नर्सिंग कॉलेज के नमित कुमार और मयंक राज ने पहला स्थान हासिल किया. जूली कुमारी और सारणी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दीपांजना और प्रतिभा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.
क्विज प्रतियोगिता का संचालन डॉ. उमर हसन और डॉ. प्रज्ञा ने क्विज मास्टर के रूप में किया. कार्यक्रम के अंत में विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. साथ ही समाज में स्तनपान के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment