Search

थानों में CCTV टेंडर को लेकर बाबूलाल का CM को पत्र, रद्द करने की मांग

Ranchi: जिला के सभी थानों में CCTV कैमरा लगाने के लिए जारी टेंडर को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

 

मरांडी ने कहा है कि JAPIT ने निविदा संख्या JAP-IT/CCTV/PS/01/2026 के तहत टेंडर जारी किया है, लेकिन इसमें राज्य सरकार के तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर को GeM पोर्टल पर जारी नहीं कर Jharkhand Tenders पर निकाला गया, क्योंकि शर्तें नियमों के अनुरूप नहीं थीं.

 

उन्होंने यह भी कहा कि JAPIT के CEO ने विभागीय सचिव पूजा सिंघल को 7 फरवरी 2026 को पत्र लिखकर कुछ बिंदुओं पर बाद में स्वीकृति मांगी है. मरांडी का आरोप है कि यह पत्र इस बात का संकेत देता है कि निविदा प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया.

 

उन्होंने यह भी कहा कि टेंडर में procurement of products and its services की जगह service provider शब्द का इस्तेमाल किया गया, जो गलत है.

 

मरांडी ने आरोप लगाया कि टेंडर JAPIT ने जारी किया, लेकिन उसका मूल्यांकन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग कर रहा है. इस संबंध में 16 फरवरी 2026 को निदेशक आईटी के हस्ताक्षर से पत्र जारी हुआ है. उन्होंने समिति के गठन पर भी सवाल उठाए और कहा कि संबंधित अनुभाग के कर्मचारियों को प्रक्रिया से बाहर रखा गया है.

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों पर दबाव बनाकर फाइल आगे बढ़ाई गई और उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी गई. साथ ही उन्होंने JCNL में भी नियमों की अनदेखी कर कार्य आवंटन और भुगतान करने का आरोप लगाया.

 

मरांडी ने आशंका जताई कि CCTV लगाने का काम एक खास कंपनी को देने की तैयारी है, जिसने पहले रांची जेल में CCTV लगाने का काम किया था. उन्होंने कहा कि इस कंपनी पर पहले भी वीडियो फुटेज गायब करने के आरोप लगे थे.

 

पत्र में मरांडी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भ्रष्टाचार की आशंका को देखते हुए टेंडर को तुरंत रद्द किया जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp