Baharagora: खुशियों और सुनहरे भविष्य के सपने लेकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने गए बहरागोड़ा के एक परिवार का चिराग बुझ गया. बहरागोड़ा निवासी सत्यवान साव का इकलौता 25 वर्षीय पुत्र अनिमेष साव बीते रविवार को पुरी के समुद्र में नहाने के दौरान लापता हो गया था, उसका शव मंगलवार को बरामद हुआ है.
रविवार को हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, अनिमेष भुवनेश्वर स्थित सोया कॉलेज (SOA University) में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था. रविवार, 15 मार्च की सुबह वह अपने दो दोस्तों के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पुरी पहुंचा था. मंदिर में दर्शन के बाद सभी दोस्त समुद्र में स्नान के लिए तट पर उतरे. इसी दौरान समुद्र की एक प्रचंड लहर अनिमेष को गहरे पानी में खींच ले गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डूबते समय अनिमेष ने "बचाओ-बचाओ" की आवाज भी लगाई, लेकिन लहरंं इतनी तेज थीं कि पलक झपकते ही वह आंखों से ओझल हो गया. दोस्तों ने तुरंत वहां तैनात लाइफगार्ड्स को सूचित किया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं मिल सका.
30 किलोमीटर दूर मिला शव
लगातार तीन दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद, मंगलवार को अनिमेष का पार्थिव शरीर पुरी से लगभग 30 किलोमीटर दूर कोणार्क के पास समुद्र किनारे मिला. स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया.
अनिमेष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. जैसे ही उसकी मौत की खबर बहरागोड़ा पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. वहीं इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता और परिजन शोक संतप्त है. अनिमेष एक मेधावी छात्र था और उससे परिवार को काफी उम्मीदें थीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment