Ranchi: कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद दीपक प्रकाश से कई सवाल पूछे है. साथ ही भाजपा से इस संवेदनशील मामले को आदिवासी वोट बैंक की राजनीति से जोड़ने के बजाय जांच में सहयोग करने की अपील की.
कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंधु तिर्की ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच की प्रक्रिया चल रही है. ऐसे में किसी भी पक्ष को जांच प्रभावित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। चाहे वह विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, कानून सभी के लिए बराबर है. किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही राजनीतिक दुर्भावना से किसी को फंसाया जाना चाहिए.
बंधु तिर्की ने भाजपा सांसद दीपक प्रकाश से सवाल किया कि बृजभूषण सिंह प्रकरण के दौरान सांसद रहते हुए उन्होंने पीड़ितों के पक्ष में आवाज क्यों नहीं उठाई? उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने में कई महीने लग गए थे. उन्होंने बाबूलाल मरांडी से पूछा कि नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली और उसे किसने मिलवाया? यदि बच्ची ने उन्हें अपनी पीड़ा बताई थी तो वे उसे लेकर पुलिस थाने क्यों नहीं गए? बंधु तिर्की ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले भाजपा नेताओं की बयानबाजी और धरना-प्रदर्शन करना उचित नहीं है. उन्होंने भाजपा पर आदिवासी समाज की भावनाओं को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा कोई चुनावी मुद्दा या राजनीतिक हथियार नहीं है.