Banka : बिहार के बांका से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां अमरपुर क्षेत्र के चौखट गांव में पांच बच्चे सहित छह लोग दुर्गा पूजा मेला में खाना खाकर फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गये. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद सभी को अमरपुर के रेफरल अस्पताल में भर्ती किया गया. लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टर ने सभी को भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया. बीमार लोगों की पहचान लड्डू कुमार (12), सपना कुमारी (5), गोपाल कुमार (12), रबीना कुमारी (6), गंगिया कुमारी (13) और उर्मिला देवी के रूप में हुई है.
सभी ने मेले में किया था नाश्ता
जानकारी के मुताबिक, एक महिला सहित पांच बच्चे केंदुआर गांव में दुर्गा पूजा मेला देखने गये थे. सभी ने मेले में नाश्ता किया था. घर लौटने के बाद सभी सो गये. इसके बाद आज मंगलवार को करीब एक बजे सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई. सभी को परिजन अमरपुर के रेफरल अस्पताल ले गये. जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके बाद डॉक्टर ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया. डॉक्टर अपूर्व अमन सिंह ने बताया कि सभी बच्चों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण थे. कहा कि बच्चों ने मेले में बासी खाना खाया होगा, जिससे उन्हें फूड पॉइजनिंग हुई. प्राथमिक उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. 12 दिनों में फूड पॉइजनिंग की दूसरी घटना
बता दें कि बिहार में फूड पॉइजनिंग की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 27 और 28 सितंबर को भी बिहार में फूड पॉइजनिंग की दो घटनाएं हुई हैं. 28 सितंबर को नवादा जिले के महुली गांव में एक आंगनवाड़ी केंद्र में मिड डे मील खाने से 11 बच्चे बीमार हो गये थे. वहीं 27 सितंबर को पश्चिम चंपारण के बेतिया में भी एक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में परोसे गये खाने में छिपकली मिला था. इस खाना को खाकर हॉस्ट 70 छात्र बीमार हो गये थे.
Leave a Comment