Search

 
 
 

बिहार : दीपावली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चिकित्सा और बिजली विभाग भी चौकस

 
  • अस्पतालों में भी बर्न केस के लिए बेड सुरक्षित
Patna :  बिहार में दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है. बाजार भी सज-धजकर तैयार है. बाजार गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति, माला, फूल, साज-सज्जा के सामान, मिट्टी के दीयें सहित कई आकर्षक चीजों से गुलजार हो गया है. बिहार पुलिस प्रशासन भी दीपावली को लेकर चौकस हो गया है. राज्य में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है. वहीं संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने के निर्देश दिये गये हैं. पुलिस ने किसी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं. शहर के प्रमुख बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भी सादे लिबास में पुलिस बल तैनात रहेंगे. वहीं सुरक्षा को लेकर शहर में कुल पांच हजार पुलिस जवानों की भी तैनाती की जायेगी.

पटना में विधि व्यवस्था को लेकर 10 गश्ती दलों का किया गया है गठन 

पटना के पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने कहा कि शहर में सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. सभी अधिकारियों और थानेदारों को निर्देश जारी किया गया है. पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर ने कहा कि अधिकारियों को अफवाहों को त्वरित खंडन करने और सघन गश्ती सुनिश्चित करने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि दीपावली पर विधि व्यवस्था के लिए 10 गश्ती दलों का गठन किया गया है. संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है.

चिकित्सा और बिजली विभाग भी चौकस

इधर बिहार का चिकित्सा विभाग भी अलर्ट मोड पर है. दीपावली के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं की आशंका को ध्यान में रखकर बेड की संख्या बढ़ायी गयी है. बर्न केस के लिए भी अलग से बेड सुरक्षित रखा गया है. बर्न केस को लेकर सिल्वर सल्फा डायजिन, टीटी, बैंडेज पट्टी बेटाडिन लोशन, पेनकिलर आदि दवाओं को पर्याप्त मात्रा में स्टॉक कर लिया गया है. सभी अस्पतालों में भी चिकित्सकों को मुस्तैद किया गया है. अस्पताल प्रबंधन ने चौबीस घंटे के लिए डॉक्टर समेत मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति की है.

पीएमसीएच और आईजीआईएमएस में 20 -20 बेड आरक्षित 

पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) और आईजीआईएमएस के इमरजेंसी में कार्यरत सभी चिकित्सकों को ड्यूटी में रहने के निर्देश दिये गये हैं. दीपावली की रात के लिए इन दोनों अस्पतालों में 20 -20 बेड आरक्षित कर दिये गये हैं. वहीं दीपावली में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी बिजली विभाग तैयार है.फायर स्टेशनों को भी सतर्क कर दिया गया है. एक अधिकारी के मुताबिक, पटना के सभी डिवीजनों में ब्रेकडाउन होने की स्थिति में तत्काल पहुंचकर मरम्मत करने के निर्देश दिये गये हैं.  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही