Search

बिहार विस : शीतकालीन सत्र का पहला दिन हंगामेदार, अनुपूरक बजट सदन में पेश, नव निर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

  • नव निर्वाचित विधायकों ने ली शपथ
  • वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में हंगामा किया 
Patna :  बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र की कार्यवाही आज सोमवार से शुरू हुई. सबसे पहले सदन में नव निर्वाचित विधायकों ने शपथ ली. इमामगंज से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी (हम), बेलागंज से मनोरमा देवी (जदयू), रामगढ़ से अशोक सिंह (भाजपा) और तरारी से विशाल प्रशांत (भाजपा) को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी. शोक संदेश पढ़ने के बाद हंगामे के बीच सरकार ने 22 हजार 697 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट 2024-25 सदन के पटल पर रखा. इसके बाद हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी.

वक्फ बोर्ड विधेयक के विरोध में प्रदर्शन करते विधानसभा पहुंचे थे विधायक

इधर लेफ्ट और कांग्रेस विधायकों ने वक्फ बोर्ड विधेयक को लेकर जमकर प्रदर्शन किया. सभी विधायक प्रदर्शन करते हुए बिहार विधानसभा पहुंचे और सदन के बाहर एनडीए सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. वहीं सत्र शुरू होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव से मुलाकात कर उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट किया. उसके बाद विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से भी उनके कक्ष में जाकर मुलाकात की और पुष्प गुच्छ भेंट किया. विधानमंडल आने पर जनता दल यूनाइटेड के कई नेताओं ने नीतीश कुमार का स्वागत किया.

पांच दिनों तक चलेगा बिहार विस का शीतकालीन सत्र 

बता दें कि बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र पांच दिनों यानी 29 नवंबर तक चलेगा. बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के हंगामेदार होने की उम्मीद है. इस सत्र में सरकार की ओर से कई विधेयक भी पेश करने की तैयारी है. साथ ही कई विधाई कार्य भी संपन्न कराये जायेंगे. बताया गया है कि 26 और 27 नवंबर को राजकीय विधेयक और अन्य राजकीय कार्य किये जायेंगे. 28 नवंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और सरकार उसे सदन से पास करायेगी. अंतिम दिन 29 नवंबर को गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा होगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp