Patna: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में स्थित ढ़ाब (नदी नहीं) नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में 11 बच्चे शामिल है. इस घटना के बाद राघोपुर क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में हड़कंप मच गया है. इस घटना के बाद फ़तेहपुर, राघोपुर, जुड़ावनपुर समेत कई गांवों में शोक की लहर फैल गयी है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात श्यामचंद गांव के 20 लोग नाव से भोज खाने जा रहे थे. नाव पर 11 बच्चे भी सवार थे. नाव जब ढ़ाब (बड़ा सा गहरा क्षेत्र) के बीच में पहुंचती, तो अनियंत्रित हो गई. जिसके बाद नाव पटल गयी और नाव पर सवार लोग पानी में डूबने लगे. कुछ लोग तैर कर किनारे तक आने में सफल रहे, लेकिन 13 लोगों की मौत हो गई.
ग्रामीणों के मुताबिक भगतान टोला सिंधेश्वर राय के यहां भोज था. भोज खाने के लिए ग्रामीण जा रहे थे. ग्रामीण एक छोटी नाव (पतवार) पर सवार थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग ढ़ाब के पास पहुंचे. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
स्थानीय प्रशासन और गांव के लोगों ने मिलकर किसी तरह शवों को बाहर निकाला. उन्हें फतेहपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन तब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी थी.