Search

बिहार उपचुनाव होगा दिलचस्प, छोटी पार्टियां बढ़ा सकती हैं गठबंधनों की परेशानी

बिहार उपचुनाव : AIMIM ने बेलागंज से मो. जामिन अली, इमामगंज से कंचन पासवान को बनाया प्रत्याशी Patna :   बिहार में चार विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होने वाला है. वहीं वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगा. इस बार उपचुनाव काफी दिलचस्प होता जा रहा है. यहां उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गयी है. इस उपचुनाव में असादुदीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी एंट्री मार दी है. मंगलवार को एआईएमआईएम ने बेलागंज और इमामगंज से अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है. बेलागंज से मोहम्मद जामिन अली और इमामगंज से कंचन पासवान को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया गया है. तरारी और रामगढ़ से भी ओवैसी की पार्टी जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है. एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने इस बात की जानकारी दी.

जनसुराज ने रामगढ़ से सुशील कुशवाहा को चुनावी समर में उतारा

इधर प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने भी रामगढ़ विधानसभा सीट से प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने इस सीट से सुशील कुशवाहा को चुनावी समर में उतारा है. जन सुराज के कार्यवाहक अध्यक्ष मनोज भारती ने कैमूर में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सुशील कुशवाहा जमीनी राजनीतिक कार्यकर्ता हैं. लोकसभा चुनाव 2019 में बसपा प्रत्याशी के तौर पर उनको 80 हजार वोट मिले थे. ये बसपा में प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं. बता दें कि जनसुराज पहले ही तीन सीटों (बेलागंज, इमामगंज और तरारी) के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है. बेलागंज से प्रोफेसर खिलाफत हुसैन, इमामगंज से डॉक्टर जितेंद्र पासवान और तरारी से लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एसके सिंह को टिकट दिया गया है.

एनडीए और महागठबंधन पहले ही कर चुकी है प्रत्याशियों की घोषणा

एनडीए और महागठबंधन पहले ही अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है. बेलागंज से पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी (जेडीयू), इमामगंज से दीपा मांझी (हम) रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह (बीजेपी) और तरारी से विशाल प्रशांत (बीजेपी) को उम्मीदवार बनाया है. एनडीए की तरफ से जनता दल यूनाइटेड एक सीट पर, HAM एक सीट पर और बीजेपी दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है. वहीं महागठबंधन ने बेलागंज से आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ कुमार सिंह को, इमामगंज से राजद के रोशन कुमार मांझी को, रामगढ़ से राजद के बक्सर सांसद सुधाकर सिंह के भाई अजीत कुमार सिंह को और तरारी से  CPI ML आर के राजू यादव को प्रत्याशी बनाया है. महागठबंधन की तरफ से राजद तीन सीटों पर और CPI ML एक सीट पर चुनाव लड़ रही है.

लोकसभा चुनाव जीतने के बाद चारों सीट हुई खाली

बता दें कि बिहार में चार विधानसभा सीटों तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज पर उपचुनाव हो रहे हैं. यह उप चुनाव गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है. तरारी में सीपीआई के सुदामा प्रसाद, बेलागंज में राजद के सुरेंद्र यादव, इमामगंज में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतनराम मांझी और रामगढ़ में राजद के सुधाकर सिंह के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ये चारों सीटें खाली हुई हैं. सभी सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को चुनाव नतीजे आयेंगे

बिहार उपचुनाव में छोटे दलों से बढ़ सकती है गठबंधनों की परेशानी

बिहार में चार विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में छोटे दलों के प्रत्याशी उतारने की घोषणा ने दोनों गठबंधनों की परेशानियां बढ़ा दी है. महागठबंधन और एनडीए ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. वहीं एआईएमआईएम ने भी सभी चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है. इधर, प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. जबकि बहुजन समाज पार्टी भी प्रत्याशी उतारने की बात कर रही है. ऐसे में यह उप चुनाव एनडीए और महागठबंधन के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है.

बेलागंज में मुकाबला होगा काफी दिलचस्प 

माना जाता है कि एआईएमआईएम की पकड़ मुस्लिम मतदाताओं पर है. बेलागंज से पार्टी ने मोहम्मद जामिन अली को चुनावी समर में उतारा है. वहीं राजद भी मुस्लिम मतदाताओं पर भरोसा रखती है. इधर जनसुराज पार्टी ने भी बेलागंज से मुस्लिम उम्मीदवार खिलाफत हुसैन को मैदान में उतार दिया है. जिससे बेलागंज का मुकाबला दिलचस्प बन गया है. जनसुराज ने जातीय समीकरण को देखते हुए अपने उम्मीदवारों का चयन किया है. माना जा रहा है कि जनसुराज एनडीए प्रत्याशी को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इस बीच बसपा ने भी उम्मीदवार उतारने की बात कही है.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp