Search

 
 
 

Bihar News : पानी भरे गड्ढे में गिरी बाइक, दो युवकों की मौत, तीसरा बाल-बाल बचा

जिले के लाखो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की बाइक पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे दो युवकों की डूबकर मौत हो गई
 

Begusarai : जिले के लाखो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की बाइक पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे दो युवकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक युवक ने किसी तरह अपनी जान बचा ली. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-31 जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.

 


कैसे हुआ हादसा

यह घटना लाखो थाना क्षेत्र के अयोध्याबाड़ी स्थित रेलवे गुमटी नंबर-45 के पास हुई. जानकारी के अनुसार, शांतिनगर सूजा गांव निवासी 25 वर्षीय बमबम कुमार तांती और 21 वर्षीय रोशन कुमार अपने एक दोस्त के साथ बाइक से खातोपुर चौक में शादी समारोह में जा रहे थे.रात के समय सामने से आ रही गाड़ी की तेज रोशनी के कारण बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी.

 

गमछा बना मौत की वजह

जानकारी के अनुआर, बाइक चला रहे बमबम कुमार और बीच में बैठे रोशन कुमार ने गमछे से अपनी कमर बांध रखी थी. बाइक गिरते ही दोनों युवक एक-दूसरे से बंधे होने के कारण गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके.वहीं पीछे बैठा तीसरा युवक किसी तरह पानी में मौजूद एक पेड़ का सहारा लेकर बाहर निकल आया और अपनी जान बचाने में सफल रहा. उसी ने ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी.

 

सुबह मिला दोनों युवकों का शव

घटना के बाद ग्रामीणों ने रात में ही दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अंधेरा और गहरे पानी के कारण सफलता नहीं मिल सकी. गुरुवार सुबह दोनों शवों को गड्ढे से बाहर निकाला गया. शव मिलते ही गांव में मातम पसर गया.

 

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने खातोपुर चौक के पास NH-31 को जाम कर दिया. लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और सरकारी मुआवजा तथा गड्ढे को जल्द भरवाने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.

 

 


 
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही