Search

बिहार : खगड़िया लोस सीट के दो बूथों पर पुन: मतदान, EVM को किया गया था क्षतिग्रस्त

Khagaria (Bihar) :  बिहार के खगड़िया लोकसभा सीट के बेलदौर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले बूथ संख्या 182 और 183 पर आज शुक्रवार को पुन: मतदान हो रहा है. मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा. दोनों बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. खगड़िया सीट पर चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच सीधी टक्कर है.

इन दो बूथों के ईवीएम को किया गया था क्षतिग्रस्त

दरअसल लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण यानी 7 मई को खगड़िया सहित बिहार की पांच लोकसभा सीट पर मतदान संपन्न हुआ था. लेकिन इन दोनों बूथों पर धावा बोलकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. ईवीएम क्षतिग्रस्त होने से मतदान बाधित हुआ था. जिसके बाद इन दोनों बूथों पर पुन: मतदान कराने का आदेश दिया गया था. इसकी जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी.

खगड़िया में हुई सबसे कम वोटिंग

बता दें कि लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को बिहार की जिन पांच सीट पर मतदान हुआ, उनमें खगड़िया में सबसे कम 18.40 लाख मतदाता है. इस निर्वाचन क्षेत्र में केवल 58.20 प्रतिशत मतदान हुआ. खगड़िया, अररिया, झंझारपुर, सुपौल और मधेपुरा में मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा. औसतन 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. जो 2019 के चुनाव की तुलना में लगभग एक प्रतिशत कम है.

पांच लोस सीटों पर राजग का कब्जा

खगड़िया, अररिया, झंझारपुर, सुपौल और मधेपुरा लोकसभा सीट पर फिलहाल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का कब्जा है. खगड़िया से निवर्तमान सांसद महबूब अली कैसर को इस बार टिकट नहीं दिया गया. कैसर दिवंगत राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर लगातार दो बार इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं. राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने इस सीट से राजेश वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है. जिसके कारण कैसर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गये. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp