Patna : बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों ने आज रविवार को पाटलिपुत्र स्टेशन पर जमकर हंगामा किया. आक्रोशित छात्रों ने रेलवे ट्रैक को बाधित कर ट्रेनों के आवागमन को रोक दिया. गुस्साए छात्रों ट्रेनों पर पथराव भी किया, परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की.
दरअसल छात्र ट्रेनों की कमी और देर से ट्रेन पहुंचने से नाराज हो गये थे. वे अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाये और हिंसक हो गये. खबर है कि पथराव के कारण कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये हैं. हालात को बेकाबू होते देख पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की है.
मामला यह है कि मद्य निषेध विभाग की परीक्षा दो पालियों में होनी थी. इस कारण हजारों अभ्यर्थी रात में ही स्टेशन पर पहुंच गये कि वे जल्द ट्रेन पकड़ कर परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जायेंगे. लेकिन अभ्यर्थियों ने देखा कि स्टेशन पर पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था नहीं है. ट्रेनें भी लेट चल रही है. इस कारण छात्रों में डर समाने लगा कि कहीं परीक्षा छूट न जाये.
इसलिए जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई जाने वाली परीक्षा स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो अभ्यर्थियों में अफरा-तफरी मच गयी. ट्रेन में नहीं चढ़ पाने से नाराज छात्र पाटलिपुत्र-कटिहार एग्जाम स्पेशल ट्रेन के आगे पटरी पर बैठ गये. उन्होंने रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
इसी बीच कुछ उपद्रवी तत्वों ने ट्रेन में तोड़फोड़, पत्थरबाजी शुरू कर दी. हंगामे की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने वहां कई थानों की पुलिस को बुला लिया. लेकिन हालात बिगड़ते चले गये.
स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की. पत्थरबाजी में आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी के जख्मी होने की खबर है. इसके बाद स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
इसके बाद पुलिस और रेलवे के अधिकारी अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने में जुट गये. मामला शांत करने के लिए रेलवे प्रशासन ने तुरंत स्पेशल ट्रेन को रवाना कर दिया. स्टेशन पर आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस जमी हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment