Search

 
 
 

बिहार : पक्ष-विपक्ष के सवाल-जवाब से सदन गरमाया, BJP विधायक ने इंदिरा आवास निर्माण का मुद्दा उठाया

 
Patna :   बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन है. प्रश्न काल से आज सदन गरमाया हुआ है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक सरकार से सवाल पूछ रहे हैं. बीजेपी विधायक व बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा ने इंदिरा आवास निर्माण कार्य का मुद्दा उठाया. जीवेश मिश्रा ने पूछा कि सरकार ने इस बात को कबूल किया है कि 101704 इंदिरा आवास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है. सरकार से कब तक पूरा करायेगी. इंदिरा आवास योजना बंद हो गयी है. इस योजना में केवल 70 हजार मिलता था, इसको प्रधानमंत्री आवास योजना से अच्छादित किया जाये.

हर हाल में योजना को पूरा करने का दिया गया है निर्देश

इसपर सरकार की तरफ से मंत्री श्रवण कुमार ने जवाब देते हुए कहा कि जीवेश मिश्रा का सवाल वाजिब है. जब स्वीकृति मिली है तो गरीबों का घर बनना चाहिए. कहा कि साल 2012 से 2016 तक राज्य में इंदिरा आवास योजना चलती थी. लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने के कारण भारत सरकार ने पैसा देना बंद कर दिया था. कहा कि अधूरे पड़े इंदिरा आवास की राशि के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा गया है. राज्य सरकार ने भी अपनी तरफ से राशि दी है, ताकि अधूरे पड़े इंदिरा आवास का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके. कहा कि सरकार ने समीक्षा की है और विभाग को इस योजना को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है.

माले विधायक ने खेतों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाया

घोसी के माले विधायक राम बली सिंह यादव ने माधवपुर में खेतों के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा सदन में उठाया. उन्होंने पूछा कि खेतों में अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का वादा सरकार कबतक पूरा करेगी? कहा कि घोसी के माधोपुर में किसानों के खेतों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का काम अबतक शुरू नहीं किया गया है, जिससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

मंत्री ने कहा-आपका इलाका है, सहयोग करिये ताकि अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जा सके

इस पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जवाब दिया कि पानी अभी भी जा रहा है. अस्थाई ह्यूम पाइप आउटलेट बनाकर पानी पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने माले विधायक से कहा कि वह आपका इलाका है, वहां सहयोग करिए कि खेतों के अंतिम छोर तक पूरा पानी पहुंचाया जा सके. इस पर माले विधायक ने कहा कि जिन अधिकारियों ने सूचना दी है कि पानी पहुंच रहा है, वह गलत है. वहां पानी जाने की शुरूआत ही नहीं हो सकी है, मंत्री इसकी जांच करायेंगे? इस पर मंत्री ने कहा कि जब से विधायक काम शुरू करा देंगे. कहा कि जहां तक जांच की बात है तो सरकार जरूर करायेगी और जांच कमेटी में माले विधायक भी रहेंगे.    
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही