Search

 
 
 

112 साल का हुआ बिहार, राष्ट्रपति, पीएम मोदी, सीएम नीतीश समेत कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं

 
बिहार भारतीय संस्कृति और शिक्षा का ऐतिहासिक केंद्र : मुर्मू  Patna :  22 मार्च 1912 को पश्चिम बंगाल से अलग होकर बिहार एक अलग राज्य बना था. आज बिहार का 112वां स्थापना दिवस है. इसको लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सीएम नीतीश कुमार, राजद नेता तेजस्वी यादव सहित कई लोगों ने बिहारवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बिहार के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी. साथ ही बिहार की प्रगति की कामना की. मुर्मू ने `एक्स` पर लिखा कि बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. बिहार भारतीय संस्कृति और शिक्षा का ऐतिहासिक केंद्र रहा है. उन्होंने कहा कि अपने दृढ़ निश्चय, कर्तव्य के प्रति समर्पण और त्याग के लिए मशहूर बिहार के लोगों ने देश-विदेश में अपनी जगह बनायी है. मेरी कामना है कि यह प्रदेश सदैव प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे.

विकास के एक नये युग की ओर तेजी से अग्रसर प्रदेश - पीएम मोदी

नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि बिहार दिवस पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों का हार्दिक अभिनंदन! अपनी सांस्कृतिक विरासत और वैभव के लिए दुनियाभर में विशिष्ट पहचान रखने वाला हमारा यह प्यारा प्रदेश विकास के एक नये युग की ओर तेजी से अग्रसर है. मुझे विश्वास है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हमारे मेहनती और प्रतिभाशाली बिहारवासियों का अमूल्य योगदान रहने वाला है.

बिहार ने ज्ञान और सभ्यता से देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया

सीएम नीतीश ने बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौरवशाली इतिहास व प्रगतिशील वर्तमान से देश एवं दुनिया को राह दिखाने वाले बिहार के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. वहीं जदयू ने एक्स पर लिखा कि बिहार देश का गौरव है, जिसने अपने ज्ञान और सभ्यता से प्राचीन काल से ही देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है. समस्त प्रदेशवासियों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.

बिहार की उन्नति, प्रगति और समृद्धि में निरंतर योगदान करते रहेंगे :  तेजस्वी

राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार दिवस के अवसर पर बिहारवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी. तेजस्वी ने एक्स पर लिखा कि बिहार लोकतंत्र की जननी, विभिन्न धर्मों की उद्गमस्थली, महापुरुषों की जन्मस्थली, वीरों की कर्मभूमि, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत, ज्ञान, सद्भावना और समरसता की पावन धरा है. हम आपसी प्रेम, विश्वास, सामाजिक समरसता एवं धार्मिक सद्भाव रखते हुए अपने संकल्प व जन भागीदारी से बिहार की उन्नति, प्रगति और समृद्धि में हर प्रकार से निरंतर योगदान कर रहे है और करते रहेंगे. आइये, मिलकर #बिहार के गौरव को आगे बढ़ायें. जय हिंद,जय बिहार! [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही