Vijay Deo Jha
आपने कसाईयों को सैकड़ों मुर्गों को एक छोटे से केजबॉक्स में ठूंस कर ले जाते देखा होगा. बिहारी वही मुर्गे हैं और ट्रेनें वही केजबॉक्स हैं. छठ त्योहार क्या आम समय में भी बिहारी ऐसे ही तीस घंटे से लेकर अड़तालीस घंटे अमानवीय स्थिति में यात्रा करते हैं. इस पर कोई चिंतन नहीं कि आखिर हम बिहारी इतने गए गुजरे क्यों माने जाते हैं? लेकिन हम तो इस असम्मानजनक स्थिति को सेलिब्रेट करते हैं. देखो हम बिहारी कितने रफ एंड टफ हैं. हम कितने मजबूत हैं. हम तो रॉकेट से लटक कर चांद की यात्रा कर लें हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है.
मीडिया ऐसी स्टोरी को सेलिब्रेट करती है. इसे बिहारी जिजीविषा का नाम दिया जाता है और बिहारी पढ़कर गर्व से झूमने लगते हैं. देश के किसी भी राज्य का निवासी अपने साथ हो रहे संस्थागत और वैचारिक भेदभाव और उपेक्षा को ऐसे सेलिब्रेट नहीं करता जैसा कि कोई आम बिहारी करता है.
सरकारों और राजनीतिक दलों को पता है बिहारियों की थोड़ी सी तारीफ कर दो, उनके लिट्टी चोखा, गमछा, ठेकुआ, भदेश संस्कृति पर दो चार अच्छे बयान दे दो, बिहारियों को उससे अधिक और कुछ नहीं चाहिए. बाद बांकी उनके पास एक बिहारी सौ पर भारी, हम बिहारी हैं जी थोड़े संस्कारी हैं जी, बिहार ने विश्व को शून्य दिया जैसे भोंडे जिंगल और तर्क हैं.
यह वो कौम है जो अपने उपेक्षा में आनंदित है उसे किसी से कोई अपेक्षा ही नहीं है क्यों कि उसकी मेंटल कंडिसनिंग ऐसी कर दी गई है.
छठ बिहारियों के लिए कोई त्योहार नहीं बल्कि एक इमोशन है. यह एक शब्द इमोशन बार बार हमारे दिमाग में फिट किया जा रहा है. चूंकि यह इमोशन है इसलिए आप इस बात पर सवाल मत उठाईये की आखिर बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनें कैटल क्लास से भी बदतर क्यों बदल जाती है?
आप इस बात पर सवाल मत उठाइए कि आपकी स्पेशल ट्रेनें चलती कम हैं रुकती अधिक हैं. आप इस बात पर सवाल मत उठाइये कि इस इमोशन के नाम पर बिहारियों का आर्थिक दोहन हो रहा है. आप सात सौ गुणा बढ़ चुके हवाई फेयर की बात ना करें.
आप सवाल ना करें, आप इमोशनल हो जाएं, आप नॉस्टैल्जिक हो जाएं, इसके लिए सरकार ने रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने का प्रबंध कर रखा है.
सच तो ये भी है कि बिहार झारखंड के लिए हजार ट्रेनें दे दें लेकिन यह भीड़ कभी कम नहीं होगी. क्या आपने दुर्गा पूजा और गणेश चतुर्थी के अवसर पर बंगालियों और मराठियों की मारामारी देखी है? जबाब है नहीं. क्या आपने कभी गुजरातियों को आम बिहारियों की दुर्गति झेलते देखा है?
तो फिर बिहारियों के साथ ऐसा क्यों? इसका जबाब है बिहार तो आधा खाली है. पिछले आठ दशकों से इसकी आधी आबादी दूसरे राज्यों में दो वक्त की रोटी कमाने का जद्दोजहद कर रही है. जो बांकी बचे हैं वह बूढ़े हैं और जो बाहर नहीं जा सकते और वो उस आधी आबादी की राह तकते रहते हैं. छठ का पर्व होगा तो वह आधी आबादी आएगी तो गांव और कस्बा गुलजार होगा.
यह स्थिति बंगालियों मराठियों, गुजरातियों, कन्नडों, तमिल केरलाईट में नहीं है. अगर सरकार बहादुर बिहार में ही ट्रेड इंडस्ट्री और इंटरप्रेनियरशिप की संस्कृति लाते तो उन्हें हम बिहारियों की झूठी बड़ाई, स्पेशल ट्रेन और ऐयरपोर्ट रेलवे स्टेशन पर छठ गीत नहीं बजाने पड़ते. अगर ऐसा होता तो आम बिहारी बिना जलील हुए अपने धक्के खाए अपने घर पर छठ मना रहा होता. लेकिन ऐसा होगा तो आपको सस्ते मजदूर कहां मिलेगें.