Search

 
 
 

बिलकीस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों की सजा निलंबित करने के साथ जमानत दी

Bilkis Bano Case यह आदेश उन दो दोषियों द्वारा दायर याचिकाओं पर दिया गया, जिन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट के 2017 के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा गया था.
 

Lagatar News: उच्चतम न्यायालय ने गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान बिलकीस बानो से सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत की सुविधा प्रदान की है. न्यायमूर्ति एम. एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी. बी. वराले की पीठ ने इस बात का संज्ञान लिया कि दोषी बिपिन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया 17 साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं

 

शीर्ष अदालत ने 28 अक्टूबर के अपने आदेश में कहा, ‘‘ पक्षकारों की दलीलें सुनने के बाद इतना कहना पर्याप्त है कि अपीलकर्ता 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं. यह भी तथ्य है कि अपीलकर्ताओं में से एक गंभीर रूप से दिव्यांग हैं. जाहिर है, इस अपील में तथ्य और कानून, दोनों से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं जिन पर फैसला लिया जाना है." अदालत का यह आदेश अब वेबसाइट पर अपलोड किया गया है.


यह आदेश उन दो दोषियों द्वारा दायर याचिकाओं पर दिया गया, जिन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट के 2017 के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा गया था. ये दोनों दोषी उन 11 लोगों में शामिल हैं, जिन्हें गुजरात सरकार ने अगस्त 2022 में समय से पहले रिहा कर दिया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 2024 में इस रिहाई को रद्द कर दिया.


पीठ ने कहा, ‘‘उपरोक्त तथ्यों और इस अपील में शामिल मुद्दों पर विचार करते हुए हम अपीलकर्ताओं की सजा निलंबित करते हैं और संबंधित निचली अदालत द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों पर उन्हें जमानत देते हैं.’’


दोषियों की ओर से दी गयी दलीलें


दोषियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि दोनों व्यक्ति 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से एक दोषी का नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं था और 2002 के दंगों के करीब तीन साल बाद उसे मामले में आरोपी बनाया गया था. वहीं, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे ने जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया. उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और निचली अदालत ने रिकॉर्ड पर पेश सभी प्रासंगिक साक्ष्यों पर विचार किया था, विशेष रूप से तब जब कि अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति का है.


2002 में गुजरात में भड़के सांप्रदायिक दंगे के दौरान


फरवरी 2002 में गोधरा में ट्रेन में आग लगाए जाने की घटना के बाद गुजरात में भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान बिलकीस बानो सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई थीं. उस समय उनकी उम्र 21 वर्ष थी और वह पांच महीने की गर्भवती थीं. उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी, जिसमें उनकी तीन वर्षीय बेटी भी शामिल थी. मोरधिया और जोशी उन 11 दोषियों में शामिल हैं, जिन्हें गुजरात सरकार ने सजा में छूट देकर रिहा किया था. हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने 2024 में उनकी सजा में दी गई छूट को रद्द कर दिया था.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही