Search

 
 
 

बिरसा मुंडा जयंती में जल, जंगल व जमीन की आवाज़ को मिलेगा सांस्कृतिक सम्मान

 
Ranchi : भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और कलिंगा भारती फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 11 मई को बिरसा मुंडा जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे रांची स्थित आर्यभट्ट सभागार में आरंभ होगा, जहां जनजातीय गौरव और क्रांति के प्रतीक धरती आबा बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. विशिष्ट अतिथियों में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल श्री रघुवर दास तथा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ उपस्थित रहेंगे. गुरुवार को लालपुर स्थित सीटी पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजा राम महतो, अक्षय कुमार, सत्यनारायण महतो, भूदेव चंद्र महतो, विंग कमांडर ज्ञानेश्वर सिंह, कमल बोस, प्रो. गोवर्धन मेहता और प्रो. भूतनाथ ने मीडिया को संबोधित किया. वक्ताओं ने बताया कि इस समारोह का मुख्य आकर्षण आदिवासी संस्कृति, जल-जंगल-जमीन और हक-अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले बिरसा मुंडा के बहुआयामी व्यक्तित्व पर आधारित विद्वानों की गंभीर विमर्श होगी. इसके अतिरिक्त झारखंड के प्रसिद्ध कला समूहों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी. इनमें धीरज महतो, अश्विनी कुमार, हेमलता कुमारी जैसे कलाकार शामिल होंगे. विशेष प्रस्तुतियां निम्नलिखित कलाकारों एवं दलों द्वारा दी जाएंगी :
  • सुचांद महतो एवं साथी (बिरसा मुंडा नटुआ दल, सोनाहातु)
  • प्रभात कुमार महतो (नटराज कला केंद्र, इचागढ़, सरायकेला)
  • लक्खी नाथ महतो (न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र, बुढ़मु)
  • लखन गुड़िया (मुंडारी गीत)
  • रेवती महतो, चक्रधर महतो, करम आखड़ा, बोआ डूंगरी करम दल (चंदनकियारी, बोकारो)
इस अवसर को और भी विशेष बनाने के लिए बिरसा मुंडा के वंशज भी समारोह में उपस्थित रहेंगे, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन जाएगा.समारोह में धनंजय महतो की लेखनी से सुसज्जित बिरसा मुंडा पर आधारित गीतों और मुक्ति पदों की प्रस्तुति भी होगी, जो कार्यक्रम को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगी. यह आयोजन न केवल आदिवासी चेतना का उत्सव होगा, बल्कि सामाजिक बदलाव की प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही