Lagatar Desk
भारतीय इतिहास में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनका जीवन केवल संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाता है. भगवान बिरसा मुंडा ऐसे ही महानायक थे. अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध विद्रोह का बिगुल फूंकने वाले बिरसा मुंडा को हम मुख्य रूप से ‘उलगुलान’ के नायक के रूप में जानते हैं, लेकिन उनके व्यक्तित्व का एक महत्वपूर्ण पहलू सामाजिक सुधार, धार्मिक चेतना और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है.
15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा ने उस दौर में आदिवासी समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया, जब अंग्रेजी शासन, जमींदारी शोषण और सामाजिक हस्तक्षेप के कारण जनजातीय समुदाय की पारंपरिक व्यवस्था संकट में थी. उनका संघर्ष केवल राजनीतिक सत्ता के खिलाफ नहीं था, बल्कि अपनी जमीन, जल, जंगल, संस्कृति और आत्मसम्मान को बचाने की लड़ाई भी था.
बिरसा के जीवन में धार्मिक और वैचारिक परिवर्तन का भी विशेष महत्व रहा. प्रारंभिक शिक्षा मिशनरी विद्यालय में प्राप्त करने के बाद उनका ईसाई मिशनरियों की गतिविधियों से मोहभंग हुआ. कुछ इतिहासकारों और अध्येताओं के अनुसार, इसी दौरान उनका संपर्क वैष्णव संत आनंद पांडे से हुआ. कहा जाता है कि उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक उनके साथ रहकर भारतीय धार्मिक परंपराओं, भगवद्गीता, रामायण और महाभारत के विचारों को समझा. भगवान जगन्नाथ के प्रति उनकी आस्था का उल्लेख भी कुछ पुस्तकों में मिलता है.
वर्ष 1895 में बिरसा ने ‘बिरसाइत’ आंदोलन की शुरुआत की. यह केवल धार्मिक आंदोलन नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज में नैतिक अनुशासन, सामाजिक एकता और आत्मसम्मान जगाने का प्रयास भी था. उन्होंने लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहने, गौहत्या का विरोध करने, तुलसी लगाने तथा चंदन का तिलक धारण करने जैसे आचरण अपनाने की प्रेरणा दी. उनके अनुयायियों के बीच उन्हें असाधारण आध्यात्मिक व्यक्तित्व और ईश्वर का अवतार तक माना जाने लगा.
बिरसा मुंडा का सबसे बड़ा योगदान यह था कि उन्होंने बिखरे हुए आदिवासी समाज को अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का साहस दिया. उनका ‘उलगुलान’ शोषण और दमन के विरुद्ध जनचेतना का ऐतिहासिक प्रतीक बन गया. वर्ष 1900 में अंग्रेजों की हिरासत में मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार और संघर्ष अमर हो गए.
आज आवश्यकता है कि बिरसा मुंडा को किसी एक विचारधारा या राजनीतिक दायरे में बांधकर न देखा जाए. उनका जीवन आदिवासी अधिकारों, धार्मिक आस्था, सामाजिक सुधार और सांस्कृतिक स्वाभिमान का व्यापक संदेश देता है. उनकी सच्ची विरासत तभी सुरक्षित रहेगी, जब हम उनके संघर्ष के साथ-साथ उनके विचारों और जीवन के सभी पहलुओं को भी समान सम्मान देंगे.