Ranchi: झारखंड में ग्रामीण विकास योजनाओं की स्थिति को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. भाजपा ने कैग रिपोर्ट के आंकड़ों को आधार बनाकर हेमंत सोरेन सरकार और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को घेरा है. वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को आधी-अधूरी जानकारी पर आधारित बताते हुए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. दोनों दलों के बीच मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल जीवन मिशन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है.
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन गांवों में योजनाओं की स्थिति सरकारी दावों की पोल खोल रही है. उन्होंने 11 अगस्त 2026 को विधानसभा में पेश कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मनरेगा के तहत प्रस्तावित 1,02,68,484 कार्यों में से मार्च 2024 तक केवल 27,96,044 यानी 27 प्रतिशत कार्य ही पूरे हुए. वहीं 50,21,492 कार्य अधूरे रह गए, जबकि इन पर 2633 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे.
महतो ने मजदूरों की 321.84 करोड़ रुपये की लंबित मजदूरी का मुद्दा भी उठाया. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 6.32 लाख पात्र परिवारों के लाभ से वंचित रहने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि आवास निर्माण और राशि खर्च करने की गति भी संतोषजनक नहीं है. जल जीवन मिशन के तहत दिसंबर 2024 तक 98,067 स्वीकृत योजनाओं में से केवल 27,249 योजनाएं पूरी होने का हवाला देते हुए उन्होंने मंत्री से जवाब मांगा. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी पूछा कि अधूरे कार्यों और लंबित भुगतान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई है.
कांग्रेस ने केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार
भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता पहले तथ्यों और विभागीय जिम्मेदारियों की जानकारी हासिल करें. उन्होंने दावा किया कि पेश किए गए आंकड़े मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के कार्यकाल से संबंधित नहीं हैं. सिन्हा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने झारखंड को दो वर्षों तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिया. इसी वजह से राज्य सरकार ने गरीबों के लिए अबुआ आवास योजना शुरू की.
मनरेगा पर उन्होंने कहा कि मजदूरों की लंबित मजदूरी के भुगतान की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है. वहीं जल जीवन मिशन को ग्रामीण विकास विभाग के बजाय पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधीन बताते हुए भाजपा पर विभागीय जानकारी के अभाव का आरोप लगाया.
सिन्हा ने केंद्र पर केंद्रीय योजनाओं की राशि और हिस्सेदारी में देरी करने और झारखंड के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया. उन्होंने भाजपा नेताओं से राज्य सरकार पर सवाल उठाने के बजाय केंद्र से झारखंड का बकाया हक दिलाने की मांग की. इस तरह ग्रामीण योजनाओं की बदहाली को लेकर भाजपा राज्य सरकार से जवाब मांग रही है, जबकि कांग्रेस केंद्र की जवाबदेही तय करने पर जोर दे रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.