Search

 
 
 

महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा हुई हमलावर, प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सरकार को नाकाम ठहराया

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राष्ट्रीय महिला आयोग की नारी रिपोर्ट 2025 का हवाला देते हुए कहा कि यह रिपोर्ट हेमंत सरकार की संवेदनहीनता और नाकामी को उजागर करती है.
 

 Ranchi :  भाजपा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है.

 

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राष्ट्रीय महिला आयोग की नारी रिपोर्ट 2025 का हवाला देते हुए कहा कि यह रिपोर्ट हेमंत सरकार की संवेदनहीनता और नाकामी को उजागर करती है.

 

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि देश के 31 शहरों में महिला सुरक्षा को लेकर हुए सर्वे में राजधानी रांची की महिलाएं सबसे असुरक्षित पायी गयी हैं. रिपोर्ट के अनुसार रांची की 27 प्रतिशत महिलाएं छेड़खानी के कारण अपना घर बदलने को मजबूर हुई हैं.

 

उन्होंने कहा कि महिलाओं का पुलिस और प्रशासन पर अविश्वास बढ़ गया है. सर्वे के मुताबिक 9 प्रतिशत महिलाएं अपराध होने के बाद भी शिकायत दर्ज नहीं करातीं और 85 प्रतिशत महिलाओं को प्रशासन पर भरोसा नहीं है.

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केवल रांची ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में महिलाएं असुरक्षित हैं. हेमंत सरकार पार्ट 1 और पार्ट 2 के कार्यकाल में अब तक 8000 से अधिक बलात्कार की घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं.

 

बलात्कारियों को सजा दिलाने का रिकॉर्ड भी बेहद खराब है. उन्होंने कहा कि आदिवासी बालिकाएं लगातार ट्रैफिकिंग की शिकार हो रही हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है.

 

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों से महिला आयोग खाली है और अब तक उसका गठन नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि जो सरकार महिला आयोग तक नहीं बना पायी, उससे महिलाओं की सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है. भाजपा ने इसे महिलाओं के प्रति संवेदनहीनता और नाकामी का प्रमाण बताया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही