Ranchi News : झारखंड भाजपा के नेताओं ने बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा है. नेताओं ने मांग की है कि छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी को वापस लिया जाये. इसके साथ ही परीक्षा में घोटालों की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा सरकार से करे. अगर ऐसा नहीं होगा, तो भाजपा आंदोलन करेगी. छात्रों के हक की लड़ाई लड़ेगी.
मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने मीडिया को बताया कि उनकी चार मुख्य मांगें हैं. पहली यह कि 1000 से अधिक छात्रों पर पुलिस ने मुकदमा दाखिल किया है, उसे वापस लिया जाये. दूसरी यह कि परीक्षा घोटालों की जांच सीबीआई से करायी जाये.
आदित्य साहु ने कहा कि उन्हें सीआईडी की जांच पर भरोसा नहीं है. क्योंकि जेपीएसससी का चेयरमैन जेल जाता है, लेकिन सदस्य बाहर घूम रहे हैं. तीसरी यह कि आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हिंसा करने वाले सत्ताधारी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई हो. चौथी यह कि परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले आयोग के अध्यक्ष और सभी सदस्यों पर कार्रवाई हो.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि पिछले छह सालों में नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर घोटाला किया जा रहा है. पैसे का लेन-देन चल रहा है. राज्य को बर्बाद किया जा रहा है. इससे राज्य को बचाना होगा. झारखंड भाजपा छात्रों के हक की लड़ाई लड़ेगी.
झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान ना किसी ने गाली दी और न ही किसी तरह का उपद्रव किया. इसके बाद भी 1000 से अधिक बच्चों पर प्राथमिकी दर्ज की गई. मुख्यमंत्री से आग्रह है कि बच्चों पर दर्ज प्राथमिकी को वापस लिया जाये. क्योंकि बच्चे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रख रहे थे. सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया. सरकार उन सभी के खिलाफ भी कार्रवाई करे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें