Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

निकाय चुनाव में विजयी जनप्रतिनिधियों का भाजपा ने किया सम्मान, रांची में आयोजित हुआ समारोह

Ranchi..प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को रांची के चिरौंदी स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में नव निर्वाचित निकाय जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने की. समारोह में भाजपा समर्थित विजयी जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह मौजूद थे. वहीं केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई सांसद और विधायक भी कार्यक्रम में शामिल हुए. समारोह के दौरान हॉल में पुष्प वर्षा कर जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया.

 

इस कार्यक्रम में रांची, मेदिनीनगर और आदित्यपुर नगर निगम के विजयी महापौर, लोहरदगा, गुमला, मिहिजाम और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष, खूंटी, लातेहार, डोमचांच, जामताड़ा और महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित कुल 387 पार्षद शामिल हुए. महिला दिवस के अवसर पर मंच पर मौजूद नेताओं ने महिला जनप्रतिनिधियों को भी शुभकामनाएं दीं.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने सभी जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई दी. उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह काम करते हुए गरीबों और झुग्गी बस्तियों तक विकास योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास करें. उन्होंने कहा कि झारखंड में हुए निकाय चुनाव भाजपा के संघर्ष और न्यायालय के दबाव का परिणाम हैं, क्योंकि राज्य सरकार चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी.

 

उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम भाजपा के पक्ष में आए हैं और यह जीत का सिलसिला आगे भी जारी रहना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लूट, भ्रष्टाचार और घोटालों में व्यस्त है और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है.

 

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में नगरीय क्षेत्रों की जनता ने राज्य सरकार को करारा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि यदि चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर होते तो सत्ताधारी गठबंधन की स्थिति और खराब होती. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने डर के कारण दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराया.

 

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत करना चाहिए और विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का यह प्रयास विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा.

 

अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि गुमला, लोहरदगा और खूंटी जैसे क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी के मजबूत जनाधार का परिणाम है. उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया.

 

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष धीरज महतो ने किया. इस अवसर पर विवेकानंद सिंह, जितेंद्र वर्मा, सुनील साहू, बलराम सिंह, सागर उरांव, हरिकृष्ण प्रधान, नरेंद्र सिंह, सरिता मुर्मू, संजीव बावला, मनीर उरांव, अमित तिवारी और वंशी यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही