Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

भाजपा बाबा साहब अंबेडकर के सपनों को साकार कर रही है: बाबूलाल मरांडी

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को "अंबेडकर सम्मान अभियान" को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की. कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से कांग्रेस द्वारा बाबा साहब अंबेडकर के साथ किए गए अपमान और भाजपा सरकार द्वारा दिए गए सम्मान को प्रस्तुत किया गया.बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार बाबा साहब अंबेडकर के विचारों और सपनों को दबाने का प्रयास किया. दलित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की बजाय उसे हाशिये पर रखा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जानती थी कि यदि बाबा साहब के विचार देश के सामने आएंगे तो उसकी दलित विरोधी सोच उजागर हो जाएगी.

कांग्रेस ने बार-बार किया अपमान

मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब को संविधान सभा में लाने से रोका, दो बार उन्हें चुनाव हराने की साजिश रची. कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने संविधान की धज्जियां उड़ाईं, लोकतंत्र का गला घोंटा और 90 बार राष्ट्रपति शासन थोपकर चुनी हुई सरकारों को हटाया.उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता हमेशा आरक्षण के विरोध में बयान देते रहे हैं, लेकिन अब भाजपा पर आरक्षण समाप्त करने का झूठा प्रचार कर रहे हैं.

भाजपा ने दिया सच्चा सम्मान

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है, जिसने बाबा साहब को सच्चा सम्मान दिया. अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व वाली भाजपा समर्थित वी.पी. सिंह सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया. संसद के सेंट्रल हॉल में उनका तैल चित्र लगवाया गया और मोदी सरकार ने उनके जीवन से जुड़े पांच स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया.उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बाबा साहब के अंत्योदय के विचारों को धरातल पर उतार रही है और दलित समाज तेजी से मुख्यधारा में जुड़ रहा है.कांग्रेस एक अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र की संवाहक: रविंद्र रायभाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आजादी से पहले और आजादी के बाद भी अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्रों का हिस्सा रही है. कहा कि कांग्रेस बाबा साहब और संविधान के नाम पर नए-नए षड्यंत्र कर रही है. संविधान सभा की बहस में बाबा साहब ने धारा 370 और धर्म आधारित आरक्षण का विरोध किया था, जिसे कांग्रेस ने नजरअंदाज किया.

मरणोपरांत भी नहीं दिया सम्मान: अमर बाउरी

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने न केवल जीवनकाल में बल्कि मरणोपरांत भी बाबा साहब का अपमान किया. कहा कि बाबा साहब की मृत्यु के बाद दिल्ली में समाधि के लिए जमीन तक नहीं दी गई. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने अपने लिए भारत रत्न लिया, लेकिन बाबा साहब को याद नहीं किया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंबेडकर के इस्तीफा पत्र को रिकॉर्ड से गायब कराने की साजिश की ताकि उनके विचार जनता तक न पहुंचे. इस कार्यशाला में भाजपा नेताओं ने साफ किया कि अंबेडकर सम्मान अभियान केवल श्रद्धांजलि नहीं बल्कि एक सामाजिक जागरण अभियान है, जिससे अनुसूचित जाति समाज को राजनीतिक शोषण से बचाया जा सके. पार्टी ने संकल्प लिया कि वह कांग्रेस के कथित काले इतिहास को जनता के बीच उजागर करती रहेगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही