Search

भाजपा नेत्री सीमा शर्मा पर ट्रस्ट बनाकर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप, CM-SSP से शिकायत

  • दुर्गा पूजा बाधित करने का भी लगाया आरोप,
  • एसडीओ और धार्मिक न्यास बोर्ड से भी की गयी शिकायत
Ranchi :  श्री बाल दुर्गा पूजा समिति ने भाजपा नेत्री व हटिया विस से भाजपा की पूर्व प्रत्याशी सीमा शर्मा पर सरकारी भूमि को ट्रस्ट बनाकर कब्जा करने का आरोप लगाया है. इसको लेकर समिति ने  मुख्यमंत्री, रांची एएसपी, एसडीओ व धार्मिक न्यास बोर्ड से शिकायत की है. शिकायत में समिति द्वारा नॉर्थ ऑफिस पारा, गौरी शंकर नगर के खाता संख्या 203, प्लॉट नंबर 945, मौजा कडरु, अंचल अरगोड़ा, हल्का संख्या 3, कुल रकबा चार डिसमिल जमीन पर बने भव्य मनोकामना सिद्ध मंदिर पर भाजपा नेत्री सीमा शर्मा द्वारा कब्जे और दावे जांच की मांग की गयी है.

श्री बाल दुर्गा पूजा समिति ने शिकायत में कई सबूत किये संलग्न 

नॉर्थ ऑफिस पारा स्थित भूमि पर 1980-81 से धार्मिक त्योहारों का सार्वजनिक आयोजन किया जाता रहा है. 1998 से श्री बाल युवा दुर्गा पूजा समिति द्वारा सार्वजनिक दुर्गा पूजा, रामनवमी, महा शिवरात्रि सहित अन्य धार्मिक त्योहार व अनुष्ठान आयोजित किये जाते रहे हैं. इस भूमि परिसर मे मां दुर्गा, शिव जी और हनुमान जी की मूर्ति भी स्थापित की गयी है.  श्री बाल युवा दुर्गा पूजा समिति ने शिकायत में 1998 में की गयी प्रारंभिक पूजा की फोटो, समिति के नाम से 2014 में बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड उच्च न्यायालय शाखा की खाता संख्या ******110001523 का प्रमाण पत्र, रांची महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति रांची का प्रमाण पत्र, जिसमें समिति की 1998 से संबंधता है और वर्ष 2021-22, 2022-23 का संबंधत्ता शुल्क के लिए जमा की गयी राशि का प्राप्ति रसीद, बिजली बिल और पूजा आयोजन से संबंधित सरकारी अधिकारियों के साथ किये गये पत्राचार संलग्न किये गये हैं.

पंजी टू में समिति का दर्ज है नाम 

श्री बाल दुर्गा पूजा समिति ने कहा है कि उपरोक्त भूमि राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचिका संख्या 4/स. भु. रांची 1 मार्च 2011 और डीसी रांची के पत्रांक 819 (II) 30 मार्च 2019 के आलोक में तीस वर्ष के लिए एक रुपया शुल्क पर लीज पर ली गयी है. झारखंड राज्य विधिज्ञ परिषद में बंदोबस्ती स्वीकृति के बाद पंजी (II) में दर्ज की गयी है. यह प्रमाण भी दिया गया है.

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व सीमा शर्मा पर धोखे से मंदिर की चाबी समिति से लेने का आरोप

मंदिर जीर्णोद्धार कार्य के पूर्व झारखंड विस चुनाव 2014 के समय हटिया विधानसभा चुनाव क्षेत्र से सीमा शर्मा भाजपा प्रत्याशी थी, उन्होंने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान बाल दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों-सदस्यों से मुलाकात की और मंदिर जीर्णोद्धार कार्य में सहयोग करने की बात कह कर चुनाव में सहयोग मांगा. चुनाव के बाद सीमा शर्मा ने मंदिर जीर्णोद्धार कार्य में बाल दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों का साथ दिया. समिति का आरोप है कि जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व सीमा शर्मा ने धोखे से मंदिर की चाबी समिति से ले ली और एक दिन मंदिर के अंदर मां जानकी ट्रस्ट के नाम शिलापट लगा दिया. इसमें दानदाताओं के नाम, रकम की सूची दर्ज थी. इसमें सीमा शर्मा का नाम मां जानकी ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में अंकित था. शिलापट में दर्ज सूची में दान दाता के रूप में सीमा शर्मा, उनके पति अनिल शर्मा, पुत्र आकाश भूषण के नाम एक लाख एक रुपया, भाई रमेश कुमार पांडेय एक लाख एक रुपया, अन्य भाई दिनेश कुमार 51 हजार रुपया, भाई मनोज पांडेय 51 हजार, भतीजा पुनीत कुमार 51 हजार, बहू अनामिका राज 51 हजार सहित अन्य के नाम दानदाताओं के रूप में अंकित किये गये. श्री बाल युवा दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने इसका विरोध किया. समिति के अनुसार तब सीमा शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब यह मंदिर मेरा है, इसका मालिकाना अधिकार मेरे द्वारा गठित मां जानकी ट्रस्ट का हो गया है. यहां के सभी कार्य मेरे आदेश से होंगे. साथ ही सीमा शर्मा द्वारा मंदिर परिसर, मनोकामना सिद्धि मंदिर प्रांगण में किसी भी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रम करने के लिए मंदिर निर्माण समिति, मां जानकी ट्रस्ट की पूर्वानुमति आवश्यक है, का बोर्ड लगा दिया गया.

सीमा शर्मा ने इस मामले में कुछ भी नहीं कहने की बात की

शुभम संदेश ने पूरे मामले में भाजपा नेत्री सीमा शर्मा से फोन पर बात की. उन्होनें बताया कि मंदिर की जमीन को कोई कैसे कब्जा कर सकता है. जब उन्हें बताया गया कि समिति ने सीएम, रांची एससपी व अन्य से इसको लेकर शिकायत की है. तो उन्होंने कहा शिकायत करने वाले को जहां जाना है जाये. उन्होंने इस मामले में कुछ भी नहीं कहने की बात की. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp