- पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने 286.99 करोड़ खर्च किये.
- पश्चिम बंगाल चुनाव में कांग्रेस ने 71.20 करोड़ खर्च किये.
Lagatar Desk
पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जितनी राशि खर्च की है, उतनी राशि कांग्रेस ने पांच राज्यों के चुनावों में भी नहीं किया. जो रिपोर्ट सार्वजनिक हुई है, उसके मुताबिक़ भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनाव में 286.99 करोड़ रुपया खर्च किया. कांग्रेस की बात करें तो उसने पश्चिम बंगाल के अलावा असम, करेलम, तमिलनाडु व पुडुचेरी के चुनाव में 248.55 करोड़ रुपया खर्च किया. अगर इन पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा के खर्च की बात करें, तो आंकड़ा 529.38 करोड़ होता है.
जारी रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल के चुनाव में भाजपा में प्रत्याशियों पर 69.83 करोड़ रुपया खर्च किया, जबकि प्रचार पर 217.16 करोड़ रुपया (293 विधानसभा) खर्च दिखाया गया है. यानी भाजपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार पर 74 लाख से अधिक रुपया खर्च किया. कांग्रेस ने बंगाल में प्रचार पर सिर्फ 42.08 करोड़ रुपये खर्च किये. प्रत्याशियों पर खर्च की राशि 29.12 करोड़ है.
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 293 सीटों में से 207 सीटों पर जीत हासिल कर ममता बनर्जी की सत्ता को उखाड़ फेंका. ममता बनर्जी की पार्टी को सिर्फ 80 विधानसभा क्षेत्रों में जीत मिली. काँग्रेस ने सभी 293 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे, लेकिन सिर्फ दो सीटों पर जीत हासिल कर सकी.
पश्चिम बंगाल में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का खर्च विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है.