Palamu News: झारखंड में कथित अराजकता के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी बुधवार, 4 नवंबर को मेदिनीनगर में विशाल पदयात्रा निकालेगी. शिवाजी मैदान से कचहरी तक आयोजित इस पदयात्रा के जरिए भाजपा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ का संदेश देगी. इसमें करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है.
मंगलवार को पलामू परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ मुंडा ने कहा कि सत्ता पाने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इंडिया गठबंधन अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं. इसी के खिलाफ भाजपा जनजागरण अभियान चला रही है.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने बताया कि पदयात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, निवेदिता सिंह, पार्टी के विधायक, प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे.
नीलकंठ मुंडा ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं और संविधान बदलने को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के प्रति प्रतिबद्ध है.
उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य में विकास की स्थिति खराब है. वहीं, कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है. राज्य में पलायन और अराजकता की स्थिति बनी हुई है.
मौके पर डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया, पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

