Bokaro : बोकारो जिले में यूरिया उर्वरक की घोर कमी हैं. यहां के किसानों को ऊंची कीमत पर भी यूरिया खाद नहीं मिल रही है. सूत्रों के अनुसार जिले में जिन व्यवसायियों ने अवैध तरीके से यूरिया का भंडारण कर रखा है, उनकी चांदी कट रही हैं. किसानों ने इसकी शिकायत डीसी अजय नाथ झा से की है. डीसी ने त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारी, चास एवं तेनुघाट तथा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में यूरिया उर्वरक की बिक्री एवं भंडारण की सघन जांच करने का निर्देश दिया है.
डीसी ने स्पष्ट कहा है कि जांच के दौरान यदि कोई उर्वरक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाये.
डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे की गयी कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराएं. जिला कृषि पदाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जांच एवं कार्रवाई से संबंधित समेकित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.कहा कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता, जमाखोरी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.डीसी के आदेश के बाद जिले में हड़कंप मच गया है. मालूम हो कि जब सारे अधिकारी एसआईआर में फंसे हुए थे तो कालाबाजारी और बढ़ती जा रही थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment