Search

 
 
 

JNU में फिर खूनी झड़प, ABVP व लेफ्ट गुटों के छात्रों ने एक-दूसरे पर जमकर बरसायीं लाठियां, कई घायल

 
NewDelhi :  जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक बार बड़ा बवाल हो गया. भाषा संस्थान में चुनाव समिति के सदस्यों के चयन को लेकर एबीवीपी (ABVP) और वाम (लेफ्ट) समर्थित गुटों के बीच गुरुवार रात झड़प हो गयी. देखते ही देखते यह खूनी झड़प में तब्दील हो गयी. दोनों गुटों के छात्र लाठी-डंडे और लात-घूसे चलाने लगे. इस खूनी झड़प में दोनों गुटों के कई छात्र घायल हुए हैं. कुछ छात्रों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  एबीवीपी और लेफ्ट दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.

दोनों ग्रुप के छात्रों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी

एबीवीपी और लेफ्ट के बीच झड़प का एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें एक लड़का साइकिल उठाकर दूसरों पर फेंकता नजर आ रहा है. दो गुट आपस में मार-पीट करते भी दिखायी दे रहे हैं. वहीं यूनिवर्सिटी के सुरक्षाकर्मी रोकने की कोशिश करते दिख रहे हैं. एबीवीपी और लेफ्ट दोनों ग्रुप के छात्रों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही घायल छात्रों की संख्या के बारे में कोई जानकारी मिल सकी है.

शिवाजी जयंती कार्यक्रम में भी दोनों गुटों के बीच हुई थी झड़प

यह पहली बार नहीं है जब जेएनयू में किसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ हो. कुछ दिन पहले ही छात्र संघ कार्यालय में शिवाजी जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर को नीचे फेंके जाने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और लेफ्ट के कार्यकर्ता के बीच तनाव हो गया था. इसको लेकर दोनों पार्टी आपस में भिड़ गये थे. एबीवीपी का आरोप था कि लेफ्ट के कार्यकर्ताओं ने शिवाजी महाराज के चित्र से माला उतारी और वहां लगे महापुरुषों की तस्वीरों को फेंक दिया. साथ ही तोड़-फोड़ की. वहीं लेफ्ट का आरोप है कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की.

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के वक्त भी हुआ था जमकर बवाल

इससे पहले बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को लेकर भी जमकर बवाल काटा था. दरअसल में लेफ्ट जेएनयू में बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री ‘India: The Modi Question’ की स्क्रीनिंग करना चाहता था. उसकी तरफ से इसका आयोजन भी किया गया और छात्रों ने डॉक्यूमेंट्री देखी भी. लेकिन तभी कैंपस में बिजली काट दी गयी. जिसकी वजह से बवाल हो गया था. लेफ्ट का आरोप था कि प्रशासन ने बिजली काट दी थी. छात्रों का यह भी आरोप था कि डॉक्यूमेंट्री देखते समय उनके ऊपर पत्थरबाजी की गयी. इस वजह से देर रात छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही