Bokaro : छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया राष्ट्रीय जनजातीय खेल एवं चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय रिले चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चंदनकियारी के खिलाड़ियों ने पूरे राज्य का नाम गौरवान्वित किया है.
इन 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को रविवार को गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में चंदनकियारी के विधायक उमाकांत रजक और उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा पौधे, अंग वस्त्रम सहित पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों के साथ जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, कोच आशु भाटिया व खेल मित्रों को भी सम्मानित किया गया.

विधायक उमाकांत रजक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी यात्रा का अंतिम उपलब्धि नहीं, बल्कि एक नयी शुरुआत है. उन्होंने कहा कि आपकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.
अब अपने लक्ष्य को और ऊंचा रखें और देश के लिए खेलें. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी. विधायक ने खिलाड़ियों को व्यावहारिक सुझाव देते हुए कहा कि वे बालू (रेत) में दौड़ लगाकर अभ्यास करें, जिससे उनकी ताकत, संतुलन और सहनशक्ति में वृद्धि होगी.
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधनों की हर संभव सुविधा प्रदान करेगा. उपायुक्त अजय नाथ झा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को सीमित नहीं रखें, बल्कि आंधी की तरह आगे बढ़ें.
उन्होंने कहा कि आप सभी जिले की पहचान हैं. अब आपका लक्ष्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर होना चाहिए. बड़े खिलाड़ियों के खेल को देखें, उनसे सीखें और खुद को उस स्तर तक तैयार करें.
उपायुक्त ने कहा कि खेल में हार-जीत दोनों महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता से कभी टूटना नहीं चाहिए, भागीदारी ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही अनुभव आगे चलकर सफलता का आधार बनता है.
उपायुक्त ने कहा कि वे अपने प्रदर्शन को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रखें, बल्कि जिला-राज्य और देश का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ खेलें. इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं.
जिसमें शिव कुमार सोरेन – 100 मीटर, 200 मीटर एवं 4×100 मीटर मिश्रित रिले में स्वर्ण पदक, नेहा खालखो 10,000 मीटर वॉक में स्वर्ण पदक, आशा किरण बरला 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक, अरश्नान अली 4×100 मीटर मिश्रित रिले में स्वर्ण एवं 4×100 मीटर में कांस्य पदक, दीपक टोप्पो 4×100 मीटर रिले में रजत पदक, अनामिका उरांव 200 मीटर में रजत पदक, जैकलिन खेस 4×400 मीटर रिले में कांस्य पदक शामिल है.
इस क्रम में जगदीश उरांव 10,000 मीटर वॉक (5वां स्थान), आरती मेहता एवं सपना कुमारी – 4×100 मीटर रिले (4था स्थान) एवं हीरा सांगा 5000 मीटर में 4था स्थान पाया.
इन खिलाड़ियों ने भले ही पदक न जीता हो, लेकिन अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उन्होंने अपनी प्रतिभा और क्षमता का मजबूत परिचय दिया. मौके पर एनडीसी प्रभाष दत्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment