Bokaro: बोकारो जिला के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी कॉलोनी स्थित पश्चिमी पल्ली में गुरुवार की रात अपराधियों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. वारदात में सेवानिवृत्त कर्मी नरेश सिन्हा (65) और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधी नरेश सिन्हा के घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग से घर में अफरा-तफरी मच गई. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए.
गोली लगने से नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.