Bokaro : जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन के पति रमेश कुमार ने अपनी पत्नी, सास और ड्राइवर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने सिटी थाना में आवेदन दिया है.
रमेश कुमार के अनुसार, तीन बजे ड्राइवर को धमकी देने के सवाल पर पत्नी के साथ उनकी बहस हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है.
रमेश का दावा है कि थाना परिसर में मौजूद रहने के दौरान हेमलता बुन के फूफाजी ने फोन कर उन्हें धमकी दी. उन्होंने डीसी के स्टेनो अजय यादव पर संरक्षण देने का आरोप लगाया. डीएओ के पति ने थाने में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग भी की है.
रमेश कुमार ने बताया कि वह पूर्व सैनिक हैं और नौकरी छोड़ने के बाद परिवार व बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. (बोकारो से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें....)
वहीं, मामले में जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. उनका पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.
फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस ने रमेश कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उनके कंधे, हाथ और जांघ पर दांत काटने के निशान मिलने की बात सामने आई है.