Bokaro News : बोकारो जिले के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की नई बस्ती भुइयांटोला मुख्य सड़क पर बुधवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. बाइक पर अवैध कोयला लदा था. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
मृत महिला की पहचान फूलमती देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने पति रिबलाल सिंह के साथ घर से पैदल काली पूजा मेला देखने के लिए निकली थी. तभी नई बस्ती भुइयांटोला मुख्य सड़क पर पीछे से तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद बाइक चालक फरार हो गया.
घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा और दोषी बाइक चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं बेरमो अंचल के सीओ संजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने में जुट गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.