Bokaro : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज का बोकारो आगमन पर पार्टी के जिला सचिव सहदेव मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
स्वागत कार्यक्रम के उपरांत श्री हरे कृष्ण महाराज ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया तथा आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना. इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्र व समाज की सेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा है. भारतीय वायु सेना में अपने कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म माना था और आज भी उसी भावना के साथ जनसेवा के लिए समर्पित हैं.

उन्होंने कहा कि वे ओपन डोर पॉलिसी" में विश्वास रखते हैं. पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता एवं राज्य का प्रत्येक नागरिक अपनी समस्या सीधे उनसे साझा कर सकता है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी तथा झारखंड में हो रही किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार व जनविरोधी कार्यों के विरुद्ध सड़क से सदन तक आवाज़ उठाते हुए आवश्यक जनआंदोलन करेगी.
जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पाया कि बोकारो जिले में पेयजल संकट आम जनता की सबसे गंभीर समस्या है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय पर वे शीघ्र ही जिला उपायुक्त से मुलाकात कर प्रभावी समाधान की मांग करेंगे.निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी पाया कि विधायक मद से निर्मित कई डीप बोरिंग व पंप हाउस लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने स्वयं बगीचा टोला स्थित पंप हाउस का निरीक्षण किया, जहां मोटर जल जाने के कारण पंप लंबे समय से बंद है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि जनता के धन से निर्मित योजनाओं का इस प्रकार निष्क्रिय पड़े रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नए उत्साह, ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है. कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री हरे कृष्ण महाराज के नेतृत्व में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) झारखंड में जनहित के मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.
Leave a Comment