Bokaro News : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के प्रवासी मजदूर राजेंद्र तुरी उर्फ हीरो की सर्पदंश से मौत हो गई. वह चुट्टे पंचायत के सेवई गांव का रहने वाला था. वह रोजगार की तलाश में आठ दिन पहले मध्य प्रदेश के बैतूल गया था. उसकी मौत की खबर बुधवार की अहले सुबह गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. राजेंद्र तुरी के घर में गर्भवती पत्नी और तीन बच्चे समेत अन्य सदस्य हैं.
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र तुरी ने बैतूल पहुंचने के बाद परिजनों को फोन कर बताया था कि वह सरिया-सेटरिंग मजदूर के रूप में काम कर रहा है. परिजनों के अनुसार, मंगलवार की देर रात राजेंद्र अपने साथ काम करने वाले अन्य मजदूरों के साथ सोया हुआ था. इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया. हालत बिगड़ने पर साथी मजदूर आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पूरे सेवई गांव में शोक का माहौल है. परिवार के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजेंद्र के जाने के बाद गर्भवती पत्नी और तीन छोटे बच्चों का भविष्य और उनका भरण-पोषण कैसे होगा. सामाजिक कार्यकर्ता नरेश तुरी के सहयोग से राजेंद्र तुरी का शव पैतृक गांव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.