Bokaro News : आवास बचाओ संघर्ष मोर्चा के सदस्यों के साथ बीएसएल के पूर्व कर्मचारी और लाइसेंसधारी कर्मियों ने बुधवार सुबह बीएसएल के ईडी आवास का घेराव किया. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बीएसएल प्रबंधन ने ईडी आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है. आवास के आसपास दो लेयर की सुरक्षा बढ़ा है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
दरअसल बीएसएल ने सेक्टर-12 स्थित आवासों को अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाइसेंस समेत अन्य निर्धारित नियमों के तहत आवंटित किया था. बीएसएल प्रबंधन ने इन आवासों की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्हें असुरक्षित जोन घोषित किया है.
इसके बाद प्रबंधन ने आवास खाली करने का निर्देश दिया गया और प्रभावित आवासधारियों को सेक्टर-11 और सेक्टर-8 में वैकल्पिक आवास देने की बात कही गई. हालांकि, आवासधारियों का कहना है कि उन्हें जिन आवासों का विकल्प दिया जा रहा है, उनकी स्थिति सेक्टर-12 के मौजूदा आवासों से भी खराब है.
भाजपा नेत्री एंजेला सिंह ने कहा कि आवासधारियों को या तो बेहतर स्थिति वाले वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए जाएं या फिर सेक्टर-12 के आवासों की मरम्मत कराकर उन्हें रहने योग्य बनाया जाए. उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने तक आवास खाली नहीं किए जाएंगे.
वहीं, गृहणी पम्मी कुमारी ने कहा कि आवासधारी किसी भी कीमत पर अपना आवास खाली नहीं करेंग. उन्होंने बीएसएल प्रबंधन से ईडी के स्तर से जारी निर्देश पर पुनर्विचार करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक उचित समाधान नहीं निकलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
इधर, आवास खाली कराने को लेकर बीएसएल प्रबंधन अपने रुख पर कायम है. प्रदर्शन के मद्देनजर ईडी आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है.