Bokaro News : बोकारो जिले के तेनु-गोमिया मुख्य मार्ग पर न्यू मार्केट स्थित नहर के समीप शनिवार को टाटा मैजिक और ऑल्टो कार के बीच टक्कर हो गई. हादसे में टाटा मैजिक पर सवार डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राएं बाल-बाल बच गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
जानकारी के अनुसार, टाटा मैजिक डीएवी स्कूल के छात्र-छात्राओं को लेकर जा रहा था. वहीं, ऑल्टो कार चालक अपने बच्चों को डीएवी स्कूल में छोड़कर वापस लौट रहा था. इसी दौरान न्यू मार्केट के पास नहर की टर्निंग पर दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और टाटा मैजिक में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑल्टो चालक वाहन चलाने के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहा था. इसी दौरान टर्निंग के पास सामने से आ रही टाटा मैजिक से उसकी टक्कर हो गई. सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली.